किराएदार बने कसाई: प्रेशर कुकर से वार और फिर चुन्नी से घोंटा मकान मालकिन का गला

गाजियाबाद। किसी की हत्या कर शव के टुकड़े करना अब मानो अपराध की दुनिया में एक भयावह प्रवृत्ति बनती जा रही है। मेरठ में हुए सौरभ हत्याकांड के बाद देश के विभिन्न हिस्सों से ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिन्हें सुनकर लोगों की रूह तक कांप जाती है। इसी कड़ी में अब गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है।
राजनगर एक्सटेंशन स्थित ओरा सुमेरा सोसायटी में बुधवार रात किराया मांगने पर एक मकान मालकिन की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि किराएदार दंपती ने पहले महिला का चुन्नी से गला घोंटा, फिर उसके पति ने सिर पर प्रेशर कुकर से वार कर उसकी हत्या कर दी। यही नहीं, हत्या के बाद आरोपियों ने शव के टुकड़े कर उन्हें एक बड़े लाल रंग के सूटकेस में भरकर छिपा दिया। मृतका की पहचान दीपशिखा शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मवाना की निवासी थीं। उनके पति उमेश शर्मा हापुड़ के स्वर्ग आश्रम रोड क्षेत्र में रहते हैं और एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।
किराएदार बने कसाई
दीपशिखा बीते लगभग पंद्रह वर्षों से राजनगर एक्सटेंशन की इसी सोसायटी में पति और बेटी खुशी के साथ रह रही थीं। परिजनों के अनुसार दीपशिखा ने करीब एक वर्ष पूर्व अपना फ्लैट अजय गुप्ता को अठारह हजार रुपये प्रतिमाह किराए पर दिया था। बीते पांच महीनों से किराएदार ने किराया नहीं दिया था। बुधवार शाम किराएदार ने स्वयं फोन कर किराया लेने के लिए बुलाया था, जिसके बाद दीपशिखा फ्लैट पर पहुंचीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं और उनका फोन लगातार बजता रहा।
घटना की जानकारी देते हुए घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका मिनी ने बताया कि जब दीपशिखा देर तक नहीं लौटीं तो उसे संदेह हुआ। वह संबंधित फ्लैट पर पहुंची, जहां किराएदार महिला ने बताया कि मकान मालकिन किराया लेकर जा चुकी हैं। तलाश के दौरान जब दीपशिखा का कहीं पता नहीं चला तो मिनी और उनके पति दोबारा फ्लैट पर पहुंचे। कुछ समय बाद मिनी ने किराएदार महिला को टावर के नीचे लाल रंग का भारी सूटकेस लेकर खड़े देखा।
सूटकेस खोला तो उड़ गए होश
शक होने पर उसने महिला को रोककर दोबारा ऊपर ले गई। फ्लैट के भीतर फर्श पर खून के छींटे देखकर मिनी का संदेह और गहरा हो गया। जब सूटकेस खोला गया तो अंदर दीपशिखा का शव देख सभी के होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची थाना नंदग्राम पुलिस ने दोनों आरोपियों अजय गुप्ता और आकृति गुप्ता को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि किराए को लेकर विवाद हुआ था, इसी दौरान गुस्से में आकर उन्होंने हत्या कर दी।
क्रिकेट कोच को बैट से पीटा; 20 टांके लगे! टीम में शामिल न करने पर आया था गुस्सा
घटना के संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम उपासना पाण्डेय ने बताया कि बुधवार रात लगभग 11 बजकर 15 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली थी कि ओरा सुमेरा सोसायटी में हत्या की घटना हुई है। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर पाया गया कि दीपशिखा शर्मा अपने दूसरे फ्लैट पर किराया लेने गई थीं, जहां देर रात तक न लौटने पर घरेलू सहायिका को संदेह हुआ। संदिग्धता के आधार पर तलाशी लेने पर लाल बैग में शव बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि किराएदार अजय गुप्ता एवं आकृति गुप्ता को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। आरोपियों ने किराए को लेकर हुए विवाद में महिला की हत्या कर दी गई है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है तथा आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है। हत्या के बाद पति अजय गुप्ता और पत्नी आकृति ने कहा कि मकान मालकिन दीपशिखा परेशान करती थीं। आकृति ने कहा कि ‘दीपशिखा उनसे कहती थीं कि तुम कहीं जाओगी नहीं, कुछ सामान नहीं लाओगी… खाना नहीं खाओगी। हमारा खाना-पीना मुश्किल कर दिया था।



