शिक्षक समाज के निर्माता, इनके सम्मान से बढ़ता है शिक्षा का गौरव : इंजी० मान सिंह पटेल

ऊँचाहार, रायबरेली। तहसील क्षेत्र में शिक्षकों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट एवं समर्पित शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
ऊँचाहार के बस स्टॉप इस्तिथ एक हॉल में डॉ नारेंद्र यादव की अध्यक्षता में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसके मुख्य अतिथि इंजीनियर मान सिंह पटेल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर व मुख्य अतिथि सहित उपस्थित सभी शिक्षकों को पुष्पों की माला और अंगवस्त्र से सम्मानित कर शुरू हुआ। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और जन समुदाय को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजीनियर मान सिंह पटेल ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करते हैं।
एक अच्छे शिक्षक की मेहनत और मार्गदर्शन का प्रभाव विद्यार्थी के पूरे जीवन पर दिखाई देता है। समाज को शिक्षित, संस्कारित और जिम्मेदार बनाने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसके अलावा कार्यक्रम को डॉ नारेंद्र यादव, कमलेश मौर्या, बिंदेश्वरी पासी, पूर्व प्रधान महेश यादव, देवनाथपाल, जगदेव यादव, सहित कई गणमान्य लोगों ने भी सम्बोधित किया।
वहीं समारोह में सम्मानित शिक्षकों ने कहा कि सम्मान उनके लिए प्रेरणा का काम करता है और वे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सदैव प्रयासरत रहेंगे। इस दौरान शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में शिक्षकों का सम्मान और उनकी गरिमा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। समारोह का समापन शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान की शुभकामनाओं के साथ हुआ।



