फर्जी छह वर्कशॉप, मौरंग-गिट्टी धुलाई सेंटर बंद

बिना अनुमति फर्जी सेंटरों का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण, एक ट्रक पर ठोका 30 हजार 700 रुपये का जुर्माना

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिना अनुमति संचालित हो रहे ट्रक वर्कशॉप तथा मौरंग-गिट्टी धुलाई सेंटरों पर गुरुवार को एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान छह सेंटरों को बंद करवाया गया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम के साथ जिला खनन अधिकारी बृज बिहारी लाल,लघु सिंचाई विभाग के अभियंता नेम सिंह,एनएचएआई की टीम तथा क्षेत्रीय लेखपाल अनुराग यादव और दीपक कुमार मौजूद रहे। टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास संचालित ट्रक वर्कशॉप और मौरंग-गिट्टी धुलाई सेंटरों की जांच की। मौके पर बिना अनुमति संचालित पाए गए छह सेंटरों को तत्काल बंद करवाया गया।

निरीक्षण के दौरान भूगर्भ जल के बिना अनुमति प्रयोग का मामला भी सामने आया। एसडीएम ने लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों को संबंधित संचालकों के खिलाफ उत्तर प्रदेश भूगर्भ जल (प्रबंधन और विनियमन) अधिनियम,2021 के तहत नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

वहीं जांच के दौरान एक ट्रक ओवरलोडिंग करते पाया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रक का 30 हजार 700 रुपये का चालान किया। प्रशासन की इस कार्रवाई से बिना अनुमति सेंटर संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया।

Related Articles

Back to top button