काशी की नगरी में सुल्तानपुर का नाम रोशन

सुलतानपुर| वाराणसी तेलियाबाग स्थित एक निजी होटल में आयोजित सम्मान समारोह में जनपद सुल्तानपुर के कटका क्लब अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ को उनके उत्कृष्ट सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों के लिए दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया। उन्हें काशी हिंदी विद्यापीठ एवं अखिल भारतीय लेखक, कवि एवं कलाकार परिषद् द्वारा “बाबा श्री विश्वनाथ लोक गौरव सम्मान-2026” प्रदान किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें “रामधारी सिंह दिनकर स्मृति सम्मान-2026” से भी विभूषित किया गया।
डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ मूल रूप से सुल्तानपुर जनपद के कटका बाजार स्थित गाना मिश्र का पुरवा के निवासी हैं। वे लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण के लिए पक्षियों हेतु जलपात्र एवं घोंसले लगाने, पौधरोपण करने तथा जन-जागरूकता अभियान चलाने का कार्य कर रहे हैं। पर्यावरण के क्षेत्र में उनके अद्वितीय योगदान को देखते हुए उनका नाम एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ ने कहा कि हमारे जनपद एवं प्रदेश में लव जिहाद जैसी घटनाएं सामने आ रही है जिसको लेकर समाज कि बहन बेटियों को जन जागरूकता करने कि जरूरत है, आगामी समय इस पर विशेष कार्य किया जाएगा।
समारोह में काशी हिंदी विद्यापीठ के कुलसचिव इंद्रजीत तिवारी ‘निर्भीक’, प्रमुख संरक्षक एवं पूर्व जिला न्यायाधीश डॉ. चंद्रभाल सुकुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत गौरव डॉ. राम अवतार पांडेय (अधिवक्ता) ने की। उनके कर-कमलों द्वारा डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ को सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किया गया।
डॉ. सौरभ मिश्र के सम्मानित होने पर शिक्षक एवं साहित्यकार सर्वेश कांत वर्मा, डॉ. ऋषभदेव शुक्ला, कांति सिंह, राजकुमार मिश्र, लालमणि दुबे, शिवकुमार तिवारी, शीतला प्रसाद पांडेय, सुनीता श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
काशी की पावन नगरी में सुल्तानपुर के लाल को मिले इन सम्मानों से जनपद में हर्ष का माहौल है तथा क्षेत्रवासियों ने इसे गर्व का विषय बताया है।



