विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर छात्रों ने निकाली रैली

चौ.सुघर सिंह नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज के छात्रों ने नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

जसवंतनगर,इटावा। चौ. सुघर सिंह नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

विद्यार्थियों द्वारा कॉलेज परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकाली गई,जिसमें “तंबाकू छोड़ो,जीवन जोड़ो”, “नशा मुक्त बनाओ देश” एवं “स्वस्थ जीवन अपनाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं द्वारा इटावा जिला अस्पताल में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया,जिसमें तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों एवं उसके सामाजिक दुष्प्रभावों को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया।

नाटक के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।संस्था के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने कहा कि युवा पीढ़ी को तंबाकू एवं अन्य नशे से दूर रखना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संस्था की निदेशक डॉ.रीमा मंडल ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी आवश्यक है। उन्होंने सभी को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने तंबाकू मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button