छात्र-छात्राओं ने मचाया होली का धमाल
संस्कार प्ले स्कूल में मनाया होली का पर्व

जसवंतनगर,इटावा।संस्कार प्ले स्कूल में होली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में सजकर कार्यक्रम में भाग लिया और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिसर में चारों ओर खुशी और उमंग का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने होली से जुड़े गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया और शिक्षकों के साथ मिलकर फूलों एवं प्राकृतिक रंगों से होली खेली। शिक्षिकाओं ने बच्चों को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल होली खेलने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजर बृजेश यादव ने बच्चों को होलिका दहन के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को आपसी प्रेम,भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मिठाई वितरित की गई और होली की शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
भाजपा नेता हुए घायल, बाइक फिसलने से हुआ हादसा
जसवन्तनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलाजनी गांव के समीप गुरुवार देर शाम एक सड़क हादसे में इटावा की ओर से वापस आ रहे भाजपा नेता व गोरक्षक 53 वर्षीय धुरवेश तोमर पुत्र प्रवल प्रताप सिंह निवासी ग्राम सिरहोल की बाइक सड़क पर उखड़कर पड़ी बजरी के कारण अनियंत्रित होकर फिसल गई और डिवाइडर से जा टकराई।जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।राहगीरों की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।



