प्रोजेक्ट अलंकार: कॉलेज का होगा कायाकल्प
एसडीएम ने निरीक्षण कर परखी तैयारियां,25 साल पुराने जसोहन इंटर कॉलेज का प्रोजेक्ट अलंकार के तहत गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण के साथ होगा कायाकल्प

जसवंतनगर,इटावा। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत शुक्रवार को उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रताप सिंह ने गोपाल कन्हैयालाल इंटर कॉलेज, जसोहन का निरीक्षण कर विकास कार्यों और शैक्षिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर आधारभूत सुविधाओं, कक्षाओं की स्थिति, स्वच्छता व्यवस्था तथा प्रस्तावित कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एसडीएम ने बताया कि 25 वर्ष से अधिक पुराने भवन वाले विद्यालयों की शासन स्तर पर तैयार सूची में जसोहन इंटर कॉलेज भी शामिल है। प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत विद्यालय के कायाकल्प के लिए शासन से धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके।
उन्होंने बताया कि कार्यों की निगरानी के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसमें एसडीएम, तहसीलदार अभिजीत गौरव तथा तीन इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्य शामिल हैं। यह समिति निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करेगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यालय प्रशासन को परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन ने प्रोजेक्ट अलंकार के तहत प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान जाखन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सचिन यादव सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।



