गांव में चला टीबी मुक्त विशेष अभियान

टीबी मुक्त समाज बनाने को जागरूकता अभियान शुरू

जसवंतनगर,इटावा। क्षय रोग के प्रति जागरूक करने और समय रहते रोगियों की पहचान कर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम राजमऊ में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

पीपीएम जिला समन्वयक निर्मल सिंह ने बताया कि 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान के अंतर्गत जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए ग्राम राजमऊ, जसवंतनगर में स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लक्षणयुक्त व्यक्तियों की जांच की गई तथा हाथ में संचालित एक्स-रे मशीन से 80 लोगों के एक्स-रे किए गए। साथ ही 16 लोगों के बलगम के नमूने जांच हेतु लिए गए।

कार्यक्रम में वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक बीरेंद्र सिंह यादव ने टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार की जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, सीने में दर्द, बलगम में खून आना, शाम के समय पसीना आना, वजन कम होना, बच्चों का वजन न बढ़ना, भूख कम लगना अथवा गले में गांठ होना जैसे लक्षण दिखाई दें तो ऐसे व्यक्तियों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क बलगम जांच के लिए भेजना चाहिए।

उन्होंने बताया कि टीबी रोग की पुष्टि होने पर सरकार द्वारा मरीज को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही उपचार अवधि के दौरान मरीज को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना के माध्यम से प्रति माह एक हजार रुपये की पोषण सहायता राशि भी दी जाती है, जिससे वह पौष्टिक आहार ग्रहण कर सके।

इस अवसर पर राघवेंद्र प्रताप सिंह, रविंद्र सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अनूप, एक्स-रे तकनीशियन सूरज, सामुदायिक स्वयंसेवक गौतम, आशा एवं आशा संगिनी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button