सरकार के विरुद्ध सपा ने किया विरोध प्रदर्शन

विधानसभा भवन के सामने सपा विधायकों ने जमकर की नारेबाजी

भरथना,इटावा। सपा विधायकों ने सरकार में हुई रामधन की लूट, पेपरलीक, किसानों की समस्या, विफल कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा जैसे तमाम जनहित के मुद्दों को लेकर विधान सभा भवन के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

उत्तर प्रदेश विधानसभा में सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जसवन्तनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव व नेता प्रतिपक्ष माताप्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में सभी सपा विधायकों ने हाथों में ‘‘प्रभु राम का पैसा कहाँ मिलेगा बीजेपी के खाते में, 68 हजार 500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण लागू करो, जो चुराये राम की पाई उसको कहते भाजपाई सहित कई स्लोगन लिखे होर्डिंग लिखे लेकर विधान सभा भवन के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए वर्तमान सरकार को घेरा।

दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह फेल है। साथ ही हिन्दू-मुस्लिम विवाद को बढावा देकर देश-प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य शून्य की स्थिति में पहुँच गया है। जबकि भाजपा के नेता विकास कार्यों को लेकर लम्बी-लम्बी डींगें मार रहे हैं। जिसको लेकर प्रदेश की जनता में आक्रोश व्याप्त है।

आगामी विधान सभा चुनाव में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के समर्थन में मतदान कर भाजपा सरकार को उखाड फेंकेगी। विरोध प्रदर्शन के दौरान भरथना विधायक राघवेन्द्र गौतम, रागिनी सोनकर, सचिन यादव, नसीम सोलंकी, आशू मलिक, अतुल प्रधान, संग्राम सिंह यादव, फजल महमूद, ओमप्रकाश सिंह, पिंकी यादव, इरफान सोलंकी, कमाल अख्तर सहित अन्य सपा विधायकों की मौजूदगी उल्लेखनीय रही।

Related Articles

Back to top button