महिला सुरक्षा को मजबूत करेगा एमवीएफ नेटवर्क, गाजियाबाद में 591 महिला वालंटियर्स संभालेंगी जिम्मेदारी

गाजियाबाद। महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस ने पुलिस और समाज के बीच सहभागिता बढ़ाने की दिशा में महिला वालंटियर फोर्स (एमवीएफ) नेटवर्क तैयार किया है। कमिश्नरेट के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चयनित 591 महिला वालंटियर्स अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी समस्याओं और जरूरतों को पुलिस तक पहुंचाने में सहयोग करेंगी।
पुलिस का उद्देश्य है कि महिलाओं से जुड़ी सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी घटना होने के बाद ही पुलिस तक न पहुंचे, बल्कि स्थानीय स्तर पर संवाद और जागरूकता के जरिए संभावित समस्याओं की पहचान पहले ही की जा सके। इसके साथ ही महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करने और पुलिस-कम्युनिटी पार्टनरशिप को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ ने बताया कि वर्तमान डिजिटल दौर में महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना भी महिला सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। एमवीएफ नेटवर्क के माध्यम से महिलाओं को साइबर ठगी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन उत्पीड़न, निजी जानकारी के दुरुपयोग और अन्य डिजिटल अपराधों के प्रति जागरूक किया जाएगा। जरूरतमंद महिलाओं को संबंधित पुलिस इकाई, काउंसलिंग और अन्य सहायता तंत्र से जोड़ने में भी वालंटियर्स सहयोग करेंगी।
स्कूल-कॉलेजों में चलेगा जागरूकता अभियान
एमवीएफ के माध्यम से विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थानों में महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पुलिस और महिला वालंटियर्स के बीच नियमित संवाद एवं समन्वय स्थापित कर सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर त्वरित जानकारी साझा करने की व्यवस्था को प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
हर थाना क्षेत्र में बनेगा महिलाओं की आवाज का नेटवर्क
चयनित महिला वालंटियर्स अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं से लगातार संपर्क और संवाद स्थापित करेंगी। स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली सुरक्षा संबंधी समस्याओं और जरूरतों को पुलिस तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। पुलिस के अनुसार, एमवीएफ नेटवर्क का उद्देश्य महिलाओं को केवल पुलिस सहायता से जोड़ना नहीं, बल्कि उन्हें अपने समुदाय में सुरक्षा और जागरूकता की सक्रिय भागीदार बनाना भी है।



