राजभर के जन्मदिन पर सोना शर्मा को मिली रायबरेली जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी

रायबरेली। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर का 63वां जन्मदिन बुधवार को पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साह के साथ मनाया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने राजभर के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

जन्मदिन समारोह के दौरान पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का ऐलान भी किया गया। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रहीं सोना शर्मा को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का रायबरेली जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। उनके मनोनयन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता जताते हुए बधाई दी।

इस अवसर पर ओम प्रकाश राजभर ने सोना शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठन को सक्रिय बनाने पर भी जोर दिया।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सोना शर्मा ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सहयोग से जिले में संगठन को और मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button