कलयुगी बेटे ने पिता को उतारा था मौत के घाट: पुलिस ने किया खुलासा

26 जनवरी को ग्राम निलोई में खेत की कोठरी में मिला था जला हुआ शव

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम निलोई में 70 वर्षीय मुन्ना लाल की हत्या कर शव जलाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जमीनी विवाद में वृद्ध पिता की हत्या उसके ही कलयुगी पुत्र ने की थी।पुलिस ने आरोपी पुत्र गजराज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।ग्राम निलोई में 26 जनवरी की सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर खेतों के पास बनी एक कोठरी से धुआं उठता देखा।

अंदर जाकर देखा तो मुन्ना लाल का जला हुआ शव पड़ा था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान कोठरी के दरवाजे के पास खून के निशान मिले थे, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था। घटनास्थल से पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए गहन जांच शुरू की। मृतक के पुत्र गजराज सिंह के द्वारा ही अज्ञात के खिलाफ मौत की तहरीर दी गई थी।

थानाध्यक्ष कमल भाटी अपनी टीम के साथ हत्यारे तक पहुंचने के लिए घटना वाले दिन से ही हर एंगल से जांच में जुट गये।मृतक के बेटे गजराज पर पुलिस को शुरू से ही संदेश था।ज्यों ही घटना के खुलासे के करीब पुलिस पहुंचती। गजराज गुमराह कर देता था। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने कड़ी से कड़ी को जोड़ते हुए साक्ष्यों के आधार पर बुधवार को मृतक मुन्नालाल के बेटे गजराज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे पैसों की जरूरत थी और पिता जमीन बेचने को तैयार नहीं थे। इसी बात से नाराज होकर उसने रात करीब 11 बजे कोठरी में पहुंचकर पहले पिता से मारपीट की और अचेत होने पर तेल डालकर आग लगा दी,ताकि घटना हादसा लगे। पुलिस ने विधिक कार्रवाई कर गजराज को जेल भेज दिया।

Related Articles

Back to top button