शाहमऊ से बहादुरपुर तक गूंजा राष्ट्रीय एकता का जयघोष

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर 10 किमी लंबी पदयात्रा, राज्यमंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब

अमेठी जनपद का तिलोई क्षेत्र सोमवार को देशभक्ति और एकता के रंग में सराबोर नजर आया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राज्य मंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह के नेतृत्व में 10 किलोमीटर लंबी राष्ट्रीय एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सुबह से ही तिलोई कस्बा तिरंगे झंडों और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों से गूंज उठा। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग — सभी देशभक्ति के जोश से ओतप्रोत दिखाई दिए। पूरा क्षेत्र “सरदार पटेल अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से गुंजायमान रहा। सड़क किनारे खड़े लोगों ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया। वहीं ड्रम की थाप और तिरंगों की लहरों ने माहौल को देशभक्ति में रंग दिया।

राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह बोले- यदि नेहरू की चलती, तो आधा भारत खत्म हो गया होता।

पदयात्रा के समापन पर आयोजित भव्य जनसभा में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने ऐतिहासिक वक्तव्य देते हुए कहा कि यदि उस समय पंडित जवाहरलाल नेहरू की चलती, तो आज भारत का आधा हिस्सा खत्म हो चुका होता। देश को एकजुट रखने और भारत को एक सूत्र में बांधने का श्रेय लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को जाता है।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से 562 रियासतों को भारत के नक्शे में जोड़ा और एक अखंड राष्ट्र की नींव रखी। सिंह ने युवाओं से सरदार पटेल के विचारों और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

वृक्षारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

राष्ट्रीय एकता दिवस को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए पदयात्रा के दौरान और समापन स्थल पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने स्वयं पौधे लगाकर हरियाली और स्वच्छता का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि जैसे सरदार पटेल ने पूरे देश को जोड़ा, वैसे ही हमें प्रकृति और पर्यावरण से जुड़कर अपने राष्ट्र को और मजबूत बनाना होगा। एकता केवल विचारों में नहीं, बल्कि हमारे कर्मों में भी झलकनी चाहिए।”

शाहमऊ

इस ऐतिहासिक पदयात्रा में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, जिला महामंत्री राकेश त्रिपाठी,
जिला उपाध्यक्ष भवानी दत्त दीक्षित, ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार सिंह (मुन्ना सिंह), सिंहपुर ब्लॉक प्रमुख अंकित पासी, तिलोई युवराज मृगनकेश्वर शरण सिंह सहित क्षेत्र के हजारों सम्मानित नागरिक मौजूद रहे। जनसभा में चारों ओर उत्साह का माहौल रहा। महिलाओं ने आरती उतारी, युवाओं ने भारत माता के जयकारे लगाए और बच्चों ने तिरंगे झंडे लहराकर सरदार पटेल अमर रहें के नारे लगाए।

अमेठी में दिखा राष्ट्रप्रेम का अद्भुत नजारा

पदयात्रा ने न केवल सरदार पटेल के योगदान को याद कराया, बल्कि यह अमेठी की धरती पर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण का एकजुट संदेश भी छोड़ गई।

राज्यमंत्री ने कहा कि आज का यह आयोजन केवल एक पदयात्रा नहीं बल्कि यह हमारे राष्ट्र प्रेम, हमारी संस्कृति और हमारे संकल्प का प्रतीक है कि हम सब एक हैं और हमेशा एक रहेंगे।

Related Articles

Back to top button