BJP के लिए बड़ा झटका: पार्टी का ज़ोरदार बचाव करने वाले प्रवक्ता ने अचानक दे दिया इस्तीफ़ा

Shehzad Poonawalla resigns: भारतीय जनता पार्टी (BJP) को एक बड़ा सियासी झटका लगा है। टीवी डिबेट्स और प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी का आक्रामक और मजबूती से पक्ष रखने वाले फायरब्रांड राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस कदम से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है, क्योंकि पूनावाला बीजेपी के सबसे चर्चित और प्रमुख चेहरों में से एक माने जाते हैं।
निजी कारणों का दिया गया हवाला, बयान का इंतजार
सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, लंबे समय तक बीजेपी के प्रवक्ता रहे पूनावाला ने अपने इस्तीफे के पीछे ‘निजी कारणों’ का हवाला दिया है। उन्होंने अपना औपचारिक त्यागपत्र पार्टी नेतृत्व को सौंप दिया है। हालांकि, अचानक उठाए गए इस बड़े कदम के पीछे की असल राजनीतिक वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। सूत्रों का कहना है कि शहजाद पूनावाला जल्द ही अपने इस्तीफे को लेकर एक आधिकारिक बयान जारी कर पूरी स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं।
एक्स (X) बायो से गायब हुआ BJP, लेकिन मोदी का समर्थन जारी
इस इस्तीफे की पुष्टि उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर हुई हलचल से भी हो रही है। पूनावाला ने अपने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) प्रोफाइल के बायो से बीजेपी का जिक्र पूरी तरह से हटा दिया है। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि कट्टर समर्थक माने जाने वाले पूनावाला अभी भी खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘आजीवन समर्थक’ बता रहे हैं। दूसरी ओर, खबर लिखे जाने तक उनके इंस्टाग्राम बायो में उन्हें अब भी बीजेपी का राष्ट्रीय प्रवक्ता ही दर्शाया गया है।
BJP का गुप्त सर्वे UP की राजनीति में हलचल मचाएगा; मौजूदा विधायकों की टिकट कट सकती है, सहयोगी भी परेशान
कांग्रेस से शुरू होकर बीजेपी तक का सफर
पेशे से वकील और नागरिक अधिकार कार्यकर्ता रहे शहजाद पूनावाला पिछले कुछ वर्षों में बीजेपी के एक बेहद आक्रामक और तर्कशील प्रवक्ता के तौर पर उभरे थे। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत मूल रूप से कांग्रेस पार्टी से की थी। लेकिन कांग्रेस के भीतर वैचारिक और अंदरूनी मतभेदों के चलते उन्होंने बगावत कर दी थी और बाद में बीजेपी का दामन थाम लिया था।


