गाजियाबाद में संकट मोचन हनुमान मंदिर से सेवा अभियान की शुरुआत, मेयर सुनीता दयाल ने किया उद्घाटन

गाजियाबाद। क्राउड फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा समाज के जरूरतमंद वर्ग को नियमित भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित नारायण अन्न सेवा कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ 14 जनवरी 2025 को श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सुनीता दयाल, माननीय मेयर गाजियाबाद, के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ।
ट्रस्ट की ओर से जानकारी दी गई कि नारायण अन्न सेवा कार्यक्रम को शीघ्र ही चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में विस्तारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सम्मानजनक एवं नियमित भोजन की सुविधा पहुंचाई जा सके। यह पहल सेवा, करुणा और सामाजिक समरसता के मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक राष्ट्रीय अभियान के रूप में विकसित की जा रही है।
उद्घाटन अवसर पर मेयर सुनीता दयाल ने ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और नागरिकों को आगे आकर ऐसे अभियानों में सहयोग करना चाहिए।
इस मौके पर ट्रस्ट के ट्रस्टी अरविंद कुमार सिंह ने कहा, “नारायण अन्न सेवा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है। हमारा लक्ष्य है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। हम समाज के सभी वर्गों से इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने की अपील करते हैं।”
ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह सेवा कार्यक्रम पूर्णतः पारदर्शी, निःस्वार्थ एवं समाजहित में समर्पित है तथा भविष्य में इसे राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में क्राउड फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट ने माननीय मेयर महोदया एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज के सभी वर्गों से इस सेवा अभियान से जुड़ने की अपील की।



