मऊ कलेक्ट्रेट में सेवा पखवाड़ा शुभारंभ, प्रदर्शनी के साथ जनता से सुझाव लेने की हुई शुरुआत

मऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक जिले में सेवा पखवाड़ा के रूप में विशेष आयोजन की शुरुआत हुई। शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक रामविलास चौहान ने फीता काटकर किया। इस मौके पर एक भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें सरकार की उपलब्धियों और 2047 तक विकसित भारत बनाने के विज़न को प्रस्तुत किया गया है।

प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और अब तक हुए विकास कार्यों को विस्तार से दर्शाया गया है। साथ ही यह संदेश भी दिया जा रहा है कि देश को विकसित भारत बनाने की दिशा में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रदर्शनी में एक QR कोड जारी किया गया है, जिसे स्कैन कर कोई भी नागरिक अपने सुझाव सरकार तक पहुंचा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सेवा पखवाड़ा केवल सरकारी उपलब्धियों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों की भलाई से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। विकलांगजनों को ट्राईसाइकिल और जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की जाएंगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही समाज के कमजोर तबकों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनसे जुड़ने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।

विधायक रामविलास चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन सेवा और समर्पण का प्रतीक है। इस अवसर पर समाज के कमजोर वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना ही असली श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सेवा पखवाड़ा में बढ़-चढ़कर भाग लें और देश को आगे ले जाने के लिए अपने सुझाव जरूर दें।

अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में इस पखवाड़े के अंतर्गत स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान समेत कई सामाजिक और कल्याणकारी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उद्देश्य यही है कि प्रधानमंत्री मोदी के “सेवा ही संगठन” के मंत्र को धरातल पर उतारा जाए।

गांधी जयंती तक चलने वाला यह सेवा पखवाड़ा मऊ जिले में सेवा, सहयोग और समाजहित की मिसाल बनेगा। जनता की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन न केवल योजनाओं की जानकारी देगा, बल्कि देश को विकसित भारत बनाने की दिशा में सामूहिक सोच और प्रयास को भी मजबूत करेगा।

Related Articles

Back to top button