SBI बैंक ग्राहकों ने सड़क को बनाया पार्किंग स्थल
रोज़ाना लगने वाले जाम से लोग परेशान

भरथना,इटावा। भरथना कस्बा में बिना पार्किंग व्यवस्था के संचालित SBI बैंक आमजन के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। बैंक आने वाले ग्राहक अपने वाहनों को सड़क पर ही खड़ा कर बैंक के अंदर चले जाते हैं, जिससे मुख्य मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित कर टेंडर भी उठाए गए,लेकिन वाहनों के सड़क पर ही खड़े रहने के कारण टेंडर निरस्त हो गए। इसके चलते समस्या जस की तस बनी हुई है।
भरथना कस्बा के सरोजनी रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के सामने रोज़ाना बड़ी संख्या में दोपहिया व चारपहिया वाहन खड़े रहते हैं। इससे इटावा-कन्नौज हाईवे से ऊसराहार आने-जाने वाले वाहन घंटों जाम में फंसे रहते हैं। स्थिति यह है कि वाहन तो दूर, पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। इस मार्ग पर दर्जनों दुकानें,प्रतिष्ठित व्यापारियों के गोदाम और विद्यालय स्थापित हैं, इसके बावजूद सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े रहते हैं। यह स्थिति आमजन के लिए सिरदर्द बनी हुई है। यातायात नियमों के तहत पुलिस द्वारा कई बार चालान की कार्रवाई भी की गई,लेकिन इसके बाद भी वाहनों का सड़क पर खड़ा होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। व्यापारियों का कहना है कि यदि बैंकों द्वारा पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए और वाहनों की सुरक्षा के लिए कर्मी तैनात किए जाएं,तो जाम की समस्या से राहत मिल सकती है।
जाम के कारण व्यापार भी प्रभावित हो रहा है और दुकानदार दिनभर मायूस बैठे रहते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भरथना में संचालित सभी बैंकों को पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं,ताकि आमजन को रोज़ाना जाम की समस्या से निजात मिल सके।
वही मामले में दूरभाष पर यातायात प्रभारी सूबेदार सिंह ने अपने हाथ ऊपर खड़े करते हुए बताया कि भरथना काफी दूर है इस लिए हम वहां नहीं जा सकते अगर यातायात की कोई समस्या है तो कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी से बात करनी चाहिए।



