संजना आर्य ने संभाला क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, गाजियाबाद का कार्यभार

नागरिकों को सरल, सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराना होगी प्राथमिकता

गाजियाबाद।क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद में मंगलवार, 1 सितंबर 2026 को सुश्री संजना आर्य ने क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने पदभार संभालने के बाद कार्यालय की कार्यप्रणाली और पासपोर्ट सेवाओं को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।

सुश्री संजना आर्य 2018 बैच की भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी हैं। गाजियाबाद में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी का कार्यभार संभालने से पहले वह विदेश मंत्रालय, नई दिल्ली के अलावा भारतीय दूतावास, सियोल और भारतीय उच्चायोग, कोलंबो में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद संजना आर्य ने कहा कि विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी सेवाएं सरल, सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि पासपोर्ट सेवा प्रणाली को और अधिक नागरिक-केंद्रित बनाने के साथ-साथ आवेदकों की सुविधाओं में लगातार सुधार के लिए प्रयास किए जाएंगे। उनका जोर पासपोर्ट सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुविधाजनक बनाने पर रहेगा, ताकि आवेदकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button