आधी रात सड़क पर परिवार के साथ फंसे रोहित, हेड कांस्टेबल कैसर अब्बास रिजवी ने फरिश्ता बनकर पहुंचाई मदद

सुलतानपुर। आधी रात,सुनसान सड़क और गाड़ी खराब होने से परेशान पूरा परिवार… ऐसे मुश्किल वक्त में सुलतानपुर पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की,जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। बाराबंकी के रामसनेहीघाट निवासी रोहित तिवारी के लिए हेड कांस्टेबल कैसर अब्बास रिजवी उर्फ रिंकू संकट की घड़ी में फरिश्ता बनकर सामने आए।दूसरे जिले में तैनाती के बावजूद उन्होंने मदद के लिए तत्काल प्रयास किए और परिवार को सुरक्षित घर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।दरअसल,रोहित तिवारी अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे।रायबरेली और ऊंचाहार के बीच रात करीब 11 से 12 बजे अचानक उनकी गाड़ी खराब हो गई। काफी कोशिशों के बाद भी वाहन ठीक कराने की व्यवस्था नहीं बन सकी। परिवार के साथ सुनसान रास्ते पर फंसे रोहित की परेशानी बढ़ती जा रही थी।
इसी बीच उन्होंने हेड कांस्टेबल कैसर अब्बास रिजवी को फोन किया।फोन पर परेशानी की जानकारी मिलते ही कैसर अब्बास सक्रिय हो गए। उन्होंने अपने संपर्कों के जरिए मददगारों को मौके पर भेजा और गाड़ी ठीक कराने की व्यवस्था कराई।काफी मशक्कत के बाद वाहन दुरुस्त हुआ और रोहित अपने पूरे परिवार के साथ सकुशल घर पहुंच गए।इस मदद से भावुक रोहित तिवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कैसर अब्बास रिजवी का आभार जताया।
उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत ऐसे पुलिसकर्मी को फरिश्ता बताते हुए कहा कि रात के समय दूसरे जिले में होने के बावजूद उन्होंने जिस तत्परता से मदद की,वह काबिल-ए-तारीफ है।कैसर अब्बास रिजवी की इस पहल ने साबित कर दिया कि पुलिस की पहचान केवल कार्रवाई और कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है।जरूरत के वक्त किसी अनजान परिवार के लिए मदद का हाथ बढ़ाना भी खाकी की सबसे बड़ी पहचान है।सोशल मीडिया पर रोहित तिवारी की पोस्ट के बाद हेड कांस्टेबल के सेवा भाव की खूब सराहना हो रही है।



