प्रेम प्रसंग से टूटा रिश्ता: रिपोर्ट दर्ज

पति समेत चार पर दर्ज कराया मुकदमा

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला गुलाब बाड़ी निवासी विवाहिता वर्षा यादव पुत्री चंद्र प्रकाश ने अपने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। विवाहिता का आरोप है कि पति के दूसरी युवती से प्रेम संबंध होने के कारण उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

पीड़िता वर्षा यादव के अनुसार उसकी शादी 11 फरवरी 2010 को मोहल्ला गुलाबबाड़ी निवासी सुमित यादव पुत्र सुनील यादव के साथ हुई थी। विवाह में उसके माता-पिता ने सामर्थ्य के अनुसार करीब 15 लाख रुपये नगद, घरेलू सामान तथा एक बैगनआर कार दहेज में दी थी। आरोप है कि विवाह के बाद वह गर्भवती हुई,लेकिन वर्ष 2022 में उसका गर्भपात करा दिया गया। इसके बाद भी वह पति के साथ संबंध निभाती रही। 13 जनवरी 2025 को उसने एक बेटे को जन्म दिया।इसी दौरान उसे पता चला कि उसके पति सुमित के संबंध शाहजहांपुर गांव की एक युवती मोहिनी यादव से हो गए हैं। आरोप है कि पति उससे दूरी बनाने लगा और अतिरिक्त दहेज में कार तथा प्लॉट की मांग करने लगा। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाने लगा।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति दूसरी युवती से प्रेम संबंध के चलते उसे घर से निकालने और दूसरी शादी करने की धमकी देने लगा। विरोध करने पर पति तथा अन्य आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और लाइसेंसी रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। कुछ समय पूर्व पति अपनी प्रेमिका को लेकर घर से चला गया था, जिसकी गुमशुदगी भी पुलिस में दर्ज कराई गई थी। महिला ने आशंका जताई है कि पति सुमित यादव,उसकी कथित प्रेमिका मोहिनी यादव, मोहिनी के चाचा भवरलाल यादव तथा मोहित यादव मिलकर उसकी और उसके बेटे की हत्या कर सकते हैं।थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पीड़िता वर्षा यादव की तहरीर पर एसएसपी के आदेशानुसार पति सुमित यादव,मोहिनी यादव, भवरलाल यादव और मोहित यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button