राष्ट्र सेविका समिति का प्रारंभिक शिक्षा वर्ग शुरू

महिलाओं में राष्ट्रभक्ति व संस्कार जागरण पर जोर

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्र सेविका समिति इटावा विभाग द्वारा जिले में पहली बार प्रारंभिक शिक्षा वर्ग का आयोजन प्रियांशी संस्कार वैली स्कूल लुधपुरा में सांयकाल दीप प्रज्वलित कर भूमि पूजन के साथ शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण वर्ग एक सप्ताह तक संचालित होगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज की महिलाओं को जागृत,संस्कारित एवं चरित्रवान बनाना तथा उनमें शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग सह संघचालक रामनरेश शर्मा ने बताया कि राष्ट्र सेविका समिति की स्थापना वर्ष 1936 में नागपुर में लक्ष्मीबाई केलकर द्वारा की गई थी। उन्होंने कहा कि समिति निरंतर महिलाओं में राष्ट्र प्रेम,संस्कृति एवं सेवा भावना जागृत करने का कार्य कर रही है। विद्यालय प्रबंधक अरुण दुबे ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में सुरक्षा व्यवस्था के पूर्ण इंतजाम किए गए हैं तथा रहने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।

इटावा विभाग कार्यवाहिका संगीता एवं वर्ग कार्यवाहिका अर्चना के नेतृत्व में आयोजित यह प्रारंभिक शिक्षा वर्ग 25 मई की प्रातः तक चलेगा। जिला कार्यवाहिका ममता शर्मा ने बताया कि वर्ग में 12 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं भाग ले रही हैं। संरक्षक के रूप में शारदा पांडेय राष्ट्रीय सदस्य राष्ट्र सेविका समिति उपस्थित रहीं। प्रशिक्षण वर्ग में शारीरिक एवं बौद्धिक कार्यक्रमों के अंतर्गत नियुद्ध,दण्ड,पद विन्यास, नेजम,घोष,योगनिद्रा एवं योगासन जैसे विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास,अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित की जाएगी। संभावित कार्यक्रम के अनुसार 23 मई को सायंकाल पथ संचालन मिडिल स्कूल से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करेगा। वर्ग में इटावा के अतिरिक्त औरैया,कानपुर देहात सहित विभिन्न जनपदों से लगभग 25 शिक्षिकाएं एवं प्रशिक्षणार्थी शामिल हैं।

खंड कार्यवाहिका भारती पाठक,जिला संपर्क प्रमुख डॉ.जानकी दीक्षित एवं बौद्धिक प्रमुख दुर्गेश नंदिनी भी प्रशिक्षण वर्ग में मार्गदर्शन प्रदान कर रही हैं। कार्यक्रम में श्रद्धा यादव, सतेंद्र सिंह तोमर,बलवीर सिंह यादव,सुरेश गुप्ता एवं श्रीकृष्ण कुशवाहा सहित तमाम लोग सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button