एनटीपीसी ऊंचाहार में पब्लिक स्पीकिंग और एंकरिंग कार्यशाला का आयोजन

ऊँचाहार, रायबरेली। क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) गौतम देब के मार्गदर्शन में उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय लखनऊ द्वारा परियोजनाओं के विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय “पब्लिक स्पीकिंग एवं एंकरिंग” कार्यशाला का आयोजन ऊंचाहार में किया गया जिसका उद्देश्य कक्षा 8 से 10 तक के स्कूली बच्चों में संप्रेषण कौशल और मंच पर आत्मविश्वास की भावना को विकसित करना था।
क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) गौतम देब ने इस कार्यशाला का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रमुख (मानव संसाधन) समिरन सिन्हा रे भी ऑनलाइन उपस्थित रहे।
कार्यशाला का संचालन ‘द लीड नेविगेटर्स’ संस्था द्वारा किया गया, जिसमें पब्लिक स्पीकिंग के विभिन्न पहलुओं — जैसे उच्चारण, अभिव्यक्ति और वॉयस मॉड्यूलेशन — पर व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन शामिल थे।
एनटीपीसी ऊँचाहार और एनटीपीसी टांडा के विद्यालयों से कुल 28 विद्यार्थियों एवं उनके शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को चयनित विषयों पर बोलने के अवसर दिए गए और उन्हें उच्चारण, स्पष्टता एवं आत्मविश्वास सुधारने के लिए व्यक्तिगत सुझाव प्रदान किए गए।
यह संवादात्मक कार्यशाला एनटीपीसी की उस प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करती है, जिसके तहत कंपनी एनटीपीसी परिवार के बच्चों और अपने विस्तारित हितधारक समुदाय के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
—————————————-
एनटीपीसी ऊँचाहार एवं चकरिय विकास प्रणाली संस्था के बीच समझौता-ज्ञापन पर हस्ताक्षर
ऊँचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी ऊँचाहार एवं चकरिय विकास प्रणाली संस्था (सी.वी.पी.एस.) के बीच रायबरेली जनपद में टीबी जागरूकता शिविरों के आयोजन एवं पोषण सामग्री वितरण के लिए समझौता-ज्ञापन (MOA) पर हस्ताक्षर किए गए। यह कार्यक्रम परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक अभय कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

समझौते पर रूमा डे शर्मा, मानव संसाधन प्रमुख, एनटीपीसी ऊँचाहार, और पी.एन. शुक्ला, सचिव, चकरिय विकास प्रणाली संस्था ने हस्ताक्षर किए। इस पहल के अंतर्गत नैगम सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत रायबरेली जिले में टीबी जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा तथा 100 टीबी रोगियों को छह माह तक पोषण सामग्री वितरित कर सहायता प्रदान की जाएगी।
यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की दिशा में एक सार्थक और महत्वपूर्ण कदम है। एनटीपीसी ऊँचाहार सदैव समुदाय के स्वास्थ्य विकास और सामाजिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रहा है। यह संयुक्त पहल न केवल रोगियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहायक होगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास और नागरिक कल्याण को भी सशक्त बनाएगी।



