बाल विवाह मुक्त भारत की दिलाई शपथ

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर ब्लॉक सभागार में मिशन शक्ति स्वावलंबन अभियान के तहत एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी उदयवीर सिंह ने बालिकाओं और महिलाओं को शासन द्वारा संचालित सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बालिकाओं को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ भी दिलाई और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया। इस कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉ. रिद्धिमा गौर ने बड़ी संख्या में आई महिलाओं और किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

आवश्यक परीक्षणों के साथ उन्हें निःशुल्क दवाइयाँ भी वितरित की गईं। डॉ. गौर ने महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण एवं महिला स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। प्रोबेशन विभाग के अधिकारी अजीत दुबे ने सरकार की प्रमुख योजनाओं शादी अनुदान योजना, कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना एवं छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों तक पहुँचाने में सहयोग करें ताकि अधिक महिलाएँ और बालिकाएँ आत्मनिर्भर बन सकें।

सहायक विकास अधिकारी कृषि बलवीर सिंह ने महिलाओं को गृह वाटिका योजना के बारे में बताया तथा घर पर पौष्टिक सब्जियाँ उगाकर स्वास्थ्य और आय दोनों में सुधार करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डॉ. अशोक कुमार, डॉ. कामिनी, फार्मासिस्ट उदयवीर, एलटी विजेंद्र पाल सिंह, धर्मेंद्र कुमार, स्टाफ नर्स कीर्ति और आयुष्मान मित्र नरेंद्र यादव ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button