पीएम सूर्यघर योजना: अगस्त में लक्ष्य से 32 प्रतिशत अधिक सोलर रूफटॉप लगे, सितंबर में 1000 का लक्ष्य

गाजियाबाद। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति और क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूपी नेडा, विद्युत विभाग, विभिन्न बैंकों के अधिकारियों और योजना में पंजीकृत वेंडरों ने हिस्सा लिया।

बैठक में बताया गया कि अगस्त में 561 सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके सापेक्ष जिले में 740 संयंत्र स्थापित किए गए। यह निर्धारित लक्ष्य का करीब 132 प्रतिशत है। इस प्रगति के आधार पर गाजियाबाद प्रदेश में 22वें स्थान पर रहा।

समीक्षा के दौरान लोनी क्षेत्र में कम सोलर रूफटॉप लगने का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि छोटे प्लॉट और बहुमंजिला भवनों के कारण यहां व्यावहारिक दिक्कतें आ रही हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने वेंडरों को विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर उपभोक्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क करने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों पर जताई नाराजगी

बैठक में विभिन्न बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों की समीक्षा की गई। अगस्त में करीब 60 प्रतिशत ऋण प्रपत्रों के अस्वीकृत होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना पर्याप्त कारण किसी प्रकरण को अस्वीकृत या लंबित न रखा जाए। लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश बैंक अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में एसबीआई में 23, बैंक ऑफ बड़ौदा में 69, इंडियन बैंक में 70, बैंक ऑफ इंडिया में 49, पंजाब एंड सिंध बैंक में 24, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 11 और बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 11 ऋण प्रकरण लंबित बताए गए। अधिकारियों ने अधिकांश मामलों के निस्तारण के लिए एक सप्ताह की समयसीमा तय की।

सितंबर में 1000 सोलर संयंत्र लगाने का लक्ष्य

मुख्य विकास अधिकारी ने सितंबर माह में 1,000 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने बैंक, डिस्कॉम और वेंडरों को आपसी समन्वय से लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित निरीक्षण, मीटर स्थापना और कनेक्शन संबंधी कार्यों में तेजी लाने को कहा।

बैठक के अंत में अधिक से अधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर पात्र उपभोक्ताओं का मौके पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों और वेंडरों से योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास करने की अपील की गई।

Related Articles

Back to top button