आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सम्मानित

पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से बच्चों को जोड़ने पर जोर, कुपोषित बच्चों को बांटी गई पोषण पोटली

गाजियाबाद। जनपद के सभी विकासखंडों एवं नगरीय क्षेत्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं लाभार्थियों को पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को प्रोत्साहित करना रहा।

रजापुर विकासखंड में श्रीमती शालिनी चौधरी एवं जिला कार्यकारी सदस्य श्रीमती नीलम ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। दीप प्रज्ज्वलन के बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

भोजपुर विकासखंड में जिला मंत्री श्रीमती दिशा गोस्वामी ने प्रतिभाग किया। यहां पांच उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि दो आंगनबाड़ी सहायिकाओं को सांकेतिक रूप से साड़ी वितरित की गई। बच्चों के लिए चित्रकारी प्रतियोगिता भी आयोजित हुई।

मुरादनगर विकासखंड में पांच उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं मुख्य सेविका मौजूद रहीं।

लोनी विकासखंड में जिला मंत्री डॉ. सीमा सैनी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान पांच उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 15 कुपोषित बच्चों को पोषण पोटली और अन्य लाभार्थियों को टेक होम राशन वितरित किया गया।

वहीं गाजियाबाद नगरीय क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच-पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बच्चों के लिए चित्रकारी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पार्षदों ने भी प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित किया गया। साथ ही बच्चों एवं लाभार्थियों को पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास सेवाओं से जोड़ने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button