यातायात नियम तोड़ने पर पुलिस ने कसा शिकंजा
शराबी ड्राइवर,फर्जी नंबर प्लेट,हूटर-सायरन वाले वाहनों पर कार्रवाई, 130 चालान-डंपर सीज

जसवंतनगर,इटावा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जसवंतनगर पुलिस ने शनिवार को सख्त अभियान चलाते हुए 130 वाहन चालकों के चालान किए,जबकि एक डंपर को सीज कर दिया। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने,फर्जी नंबर प्लेट लगाने तथा अवैध हूटर और सायरन का प्रयोग करने वालों पर विशेष नजर रखी गई।
क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह के निर्देशन एवं थाना प्रभारी कमल भाटी के नेतृत्व में थाना जसवंतनगर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग और नगर क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की गहन जांच करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक,शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध चलाए गए अभियान में 10 वाहन चालकों के चालान किए गए,जबकि एक डंपर को सीज किया गया। वहीं फर्जी अथवा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले 70 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा वाहनों में अवैध रूप से हूटर और सायरन का प्रयोग करने वाले 50 वाहन चालकों के भी चालान किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन संचालन की अपील की।
अभियान के दौरान उपनिरीक्षक ललित किशोर चतुर्वेदी,शुभम वर्मा,कृष्ण कुमार,मनीष कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



