बाइक सवारों ने किसान की काटी जेब: 48 हजार पार
मण्डी में फसल बेंचकर घर जा रहा था किसान

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बा क्षेत्र के मण्डी रोड पर सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे कृषि उत्पादन मण्डी समिति में फसल बिक्री कर नगदी लेकर पैदल घर लौट रहे एक गरीब छोटे से किसान को एक बाइक सवार दो उच्चको ने चकमा देकर अपनी बाइक पर बैठा लिया इसी बीच उसकी जेब में फसल बिक्री के रखे 48 हजार रूपए जेब काटकर पार कर लिये और उचक्के किसान को कुछ ही दूरी पर बाइक से उतार कर फुर्र हो गए।
ग्राम रमायन निवासी पीड़ित किसान तुलाराम शाक्य ने बताया कि सोवार की सुबह वह भरथना कृषि उत्पादन मण्डी समिति में फर्म गंगानारायण तिवारी की आढ़त पर अपनी उत्पादित फसल बिक्री कर प्राप्त नगदी 48 हजार रूपए जेब में सुरक्षित रख कर घर के लिए मण्डी से बाहर निकला था इसी बीच एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे झांसा देकर बाइक पर बैठा लिया,और मण्डी रोड पर कुछ दूरी पर उतार दिया। बाइक से उतरते ही जब उसने अपनी जेब पर हाथ रखा तो जेब कटी होने के साथ जेब में रखी 48 हजार रूपए की नगदी गायब देख कर वह गश खाकर सड़क किनारे गिर कर अचेत हो गया।
आस पास के लोगों ने उसे होश में लाकर उक्त शिकायत के लिए पुलिस के पास भेजा है।
बाइक सवार दो उचक्कों द्वारा किसान की जेब काटने के मामले में प्रभारी निरीक्षक अरर्मदन सिंह ने बताया कि उक्त घटना के सम्बन्ध में अभी तक पुलिस को कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है यदि शिकायत आती है तो घटना की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।



