मानसून में रहना है फिट, आयुष मंत्रालय की ये खास एडवाइजरी अपनाएं और बीमारियों से रहें कोसो दूर

Monsoon Health Tips 2026: मानसून जहां गर्मी से राहत लेकर आता है वहीं इस मौसम में नमी और उमस के कारण कई तरह के संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है। बारिश के दिनों में थोड़ी सी लापरवाही स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है। ऐसे में साफ-सफाई और रोजमर्रा की कुछ अच्छी आदतें अपनाकर लोग खुद को और अपने परिवार को मौसमी बीमारियों से बचा सकते हैं।

इसी को ध्यान में रखते हुए आयुष मंत्रालय ने मानसून के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि बरसात के मौसम में स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छता का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

हाथों की सफाई से करें बीमारियों से बचाव

आयुष मंत्रालय ने लोगों को हाथ धोने की सही प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी है। केवल हाथों को पानी से धो लेना पर्याप्त नहीं है बल्कि उन्हें अच्छी तरह साफ करना जरूरी है।

इसके लिए मंत्रालय ने ‘सुमन-के’ विधि का जिक्र किया है। इसमें हाथ साफ करने के छह चरण बताए गए हैं। इनमें हाथों की सीधी और उल्टी सतह, मुट्ठी, अंगूठे, नाखून और कलाई की सफाई शामिल है। इस तरीके से हाथों पर मौजूद कीटाणुओं को हटाने में मदद मिल सकती है।

बारिश में गीले कपड़ों से बढ़ सकती है परेशानी

बरसात में भीगने के बाद लंबे समय तक गीले कपड़े पहनना त्वचा के लिए नुकसानदायक हो सकता है। नमी बनी रहने से खुजली, त्वचा पर लाल चकत्ते और फंगल संक्रमण जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

मंत्रालय ने सलाह दी है कि बारिश में भीगने के बाद जल्द से जल्द सूखे कपड़े पहन लेने चाहिए और शरीर को साफ व सूखा रखने की कोशिश करनी चाहिए।

पैरों की सफाई पर भी दें ध्यान

मानसून में जूते और मोजे जल्दी गीले हो जाते हैं। लंबे समय तक गीले मोजे या जूते पहनने से पैरों में फंगल इंफेक्शन होने की संभावना बढ़ सकती है।

इसलिए रोजाना पैरों को साफ रखना चाहिए और कोशिश करनी चाहिए कि हमेशा सूखे मोजे पहने जाएं।

घर के आसपास पानी जमा न होने दें

बारिश के मौसम में घर के आसपास जमा पानी मच्छरों के पनपने का कारण बन सकता है। मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए आसपास की सफाई रखना जरूरी है।

हर रात चांदी के गिलास में पानी भरकर रखें और अगले दिन उसे पी लें, इसके फायदे जानें

इसके साथ ही घर के कमरों में हवा का उचित रास्ता बनाए रखना चाहिए ताकि नमी कम रहे और वातावरण बेहतर बना रहे।

परेशानी होने पर डॉक्टर से लें सलाह

मानसून के दौरान अगर त्वचा से जुड़ी समस्या, उल्टी, तेज बुखार या कोई अन्य स्वास्थ्य परेशानी दिखाई दे तो विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर है।

आयुष मंत्रालय ने लोगों को बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं लेने से बचने की अपील की है। सही समय पर इलाज लेने से समस्या को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

Related Articles

Back to top button