3 से 5 पर पहुंची साइकिल, क्या अखिलेश का ‘PDA’ फॉर्मूला 2027 में करेगा बड़ा कमाल

MLC Election Results 2026: उत्तर प्रदेश की राजनीति में साल 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात अभी से बिछने लगी है। हाल ही में संपन्न हुए 11 सीटों के एमएलसी चुनाव के नतीजों ने सत्ताधारी बीजेपी और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी दोनों के लिए नई चर्चाओं और मंथन का दौर शुरू कर दिया है। इस मुकाबले में बीजेपी ने 6 सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी बढ़त बरकरार रखी है, तो वहीं समाजवादी पार्टी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 सीटों पर कब्जा जमाया है। इन नतीजों के सियासी मायने क्या हैं और क्या यह 2027 के फाइनल मैच का ट्रेलर है, इस पर वरिष्ठ पत्रकार पंकज प्रसून त्रिपाठी ने विस्तार से चर्चा की।
एमएलसी चुनाव के नतीजे और सियासी संदेश
विधान परिषद के इस चुनाव में बीजेपी को 6 और समाजवादी पार्टी को 5 सीटें मिली हैं। आंकड़ों के लिहाज से मुकाबला काफी करीबी नजर आ रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव और विधानसभा चुनाव के समीकरण पूरी तरह एक जैसे नहीं होते हैं। इन चुनावों में मतदाताओं का दायरा और मतदान का प्रतिशत बिल्कुल अलग होता है।
बावजूद इसके, समाजवादी पार्टी इस परिणाम को एक बड़े बूस्ट के रूप में देख रही है। पार्टी का मानना है कि वाराणसी और गोरखपुर जैसी सीटों पर उसकी मजबूत उपस्थिति और बेहतर प्रदर्शन से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। दूसरी ओर, बीजेपी ने अपनी पुरानी स्थिति को बरकरार रखते हुए यह साबित कर दिया है कि उसका संगठनात्मक आधार मजबूत है।
पीडीएफ समीकरण और वोट बैंक की जंग
यूपी के सियासी मैदान में इस बार भी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी ‘पीडीए’ फॉर्मूला और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) का वोट बैंक सबसे बड़ा केंद्र बिंदु बना हुआ है। बीजेपी अपने सामाजिक समीकरणों और संगठनात्मक ताकत को मजबूत करने में जुटी है, तो वहीं समाजवादी पार्टी भी अलग-अलग जातियों तक अपनी पैठ बनाने के लिए नए सिरे से रणनीति तैयार कर रही है। विश्लेषकों का यह भी मानना है कि केवल विकास कार्यों के भरोसे चुनाव नहीं जीते जा सकते, बल्कि बूथ स्तर की मजबूती और जातिगत समीकरण आखिरी समय में सबसे बड़ा फैक्टर साबित होते हैं।
न BJP बची, न कांग्रेस का खुला खाता! वाराणसी के इन चौंकाने वाले नतीजों ने रातों-रात पलट दी पूरी बाजी
क्या 2027 में दिखेगी किसी नाम की लहर?
राजनीतिक विश्लेषकों का साफ कहना है कि 2017 या 2022 की तरह इस बार किसी एक चेहरे या नाम की आंधी जैसी स्थिति नजर नहीं आ रही है। मुकाबला पूरी तरह से दोनों दलों की धरातल पर की जाने वाली तैयारियों, उम्मीदवारों के चयन और स्थानीय मुद्दों पर ट टिका होगा। छोटे दलों और अन्य राजनीतिक संगठनों की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं जारी हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला बीजेपी और समाजवादी पार्टी के आमने-सामने की टक्कर के रूप में ही देखा जा रहा है।



