भरथना रेलवे क्रासिंग पर फंसा दूध भरा टैंकर

रेल प्रशासन में मचा हड़कंप

भरथना,इटावा। भरथना रेलवे स्टेशन के फाटक नंबर 20-बी पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब दूध से भरा एक टैंकर अचानक रेलवे ट्रैक पर ही खराब होकर फंस गया। ठीक उसी दौरान अप लाइन से अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन ट्रैक की ओर बढ़ रही थी। ट्रेन को सिग्नल न मिलने ट्रेन कुछ समय तक रोकी गई। लाइन क्लियर होने के बाद ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हुई।

करीब 10 मिनट तक फाटक पर टैंकर फसा रहा। जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 6:17 बजे UP80 HT 3660 नंबर का दुग्ध टैंकर रेलवे फाटक पार कर रहा था कि तभी अचानक उसमें तकनीकी खराबी आ गई और वाहन ट्रैक के बीचों-बीच रुक गया। चालक द्वारा कई बार स्टार्ट करने की कोशिश की गई, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इस दौरान फाटक पर लंबा जाम लग गया और ट्रेन संचालन भी कुछ देर के लिए प्रभावित हो गया।

स्थिति को गंभीर होते देख स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आए और आसपास मौजूद लोगों द्वारा धक्का लगाकर टैंकर को रेलवे ट्रैक से बाहर किया गया। जैसे ही ट्रैक खाली हुआ, रेलवे कर्मचारियों ने लाइन को सुरक्षित घोषित किया और कुछ देर बाद अमृत भारत एक्सप्रेस को आगे बढ़ाया गया।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व इसी फाटक पर एक यात्री बस भी फंस गई थी, जिसे यात्रियों और ग्रामीणों की मदद से हटाया गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने रेलवे प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि इस फाटक पर सड़क का लेवल ठीक न होने के कारण भारी वाहन अक्सर फंस जाते हैं, जिससे बड़े हादसों की आशंका बनी रहती है। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से स्थिति को संभाल लिया गया।

Related Articles

Back to top button