मकर संक्रांति पर सेवा का महाअभियान,3000 जरूरतमंदों को कंबल

संवाददाता सुल्तानपुर

सुलतानपुर। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर बल्दीराय तहसील क्षेत्र के डोभियारा स्थित डालिम्स सनबीम स्कूल परिसर में बुधवार को मानव सेवा का विशाल उदाहरण देखने को मिला। वरिष्ठ समाजसेवी मनोज कुमार सिंह निर्मल के नेतृत्व में आयोजित निःशुल्क कंबल वितरण कार्यक्रम में कड़ाके की ठंड से जूझ रहे तीन हजार जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। इस दौरान परिसर में सेवा,संवेदना और सहयोग की भावना साफ झलकती रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकुमार विश्वकर्मा ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।उन्होंने कहा कि इस तरह के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक सोच को मजबूती देते हैं और जरूरतमंदों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनते हैं।उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी आगे आकर मानव सेवा में सहभागी बनने की अपील की।आयोजक वरिष्ठ समाजसेवी मनोज कुमार सिंह ‘निर्मल’ ने बताया कि आगे भी इसी तरह के सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

मकर संक्रांति के दिन हुए इस आयोजन ने न सिर्फ ठंड से राहत दी,बल्कि समाज में मानवता,सहयोग और सेवा का सशक्त संदेश भी दिया।कंबल वितरण के दौरान सुबह से ही जरूरतमंदों की भीड़ जुटी रही।इस अवसर पर जितेंद्र प्रताप सिंह,अखिलेश प्रताप सिंह ‘आशु’, प्रधानाचार्य ऋषि सिंह,रामकुमार दुबे,पूर्व मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव,रविंद्र प्रताप सिंह, वैजनाथ वैश्य,कमल सिंह, डब्बू सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button