मऊ में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती: अब 24 घंटे होगी दिल की सर्जरी

मऊ। जनपद के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई है। अब यहां के लोगों को हृदय संबंधी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
स्थानीय स्तर पर ही 24 घंटे अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ दिल की सर्जरी संभव हो सकेगी। इस दिशा में प्रकाश अस्पताल ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आधुनिक कार्डियक कैथलैब की शुरुआत की है।
इस अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने विधिवत फीता काटकर किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में राज्यमंत्री ने कहा कि यह कैथलैब केवल एक तकनीकी सुविधा नहीं, बल्कि जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए जीवन बचाने वाली व्यवस्था है।
उन्होंने कहा कि हृदय रोग के मामलों में समय सबसे अहम होता है, और अब मरीजों को इलाज के लिए वाराणसी या लखनऊ जैसे शहरों तक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
राज्यमंत्री ने प्रकाश अस्पताल के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सुविधाएं जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करती हैं और आम जनता को राहत पहुंचाती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह के प्रयास जारी रहेंगे।
प्रकाश ग्रुप के चेयरमैन डॉ. मनीष राय ने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को आम लोगों की पहुंच में लाना है। उन्होंने कहा कि कैथलैब के माध्यम से अब एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और पेसमेकर जैसी जटिल प्रक्रियाएं यहीं पर की जा सकेंगी। इससे मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेगा, साथ ही आपातकालीन स्थिति में तुरंत उपचार संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम में मौजूद कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. विश्वजीत सिंह ने बताया कि नई तकनीक और विशेषज्ञों की टीम के साथ मरीजों को विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय पर इलाज मिलने से हृदय रोगियों की जान बचाने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने भी अस्पताल की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रकाश अस्पताल ने हमेशा जनसेवा को प्राथमिकता दी है और इस नई सुविधा से जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। यह कदम मऊ के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। कुल मिलाकर यह पहल न केवल मऊ, बल्कि आसपास के जिलों के लिए भी राहत लेकर आई है, जिससे लोगों को अब बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा अपने ही जिले में मिल सकेगी।



