तेंदुए की दस्तक बरकरार: ग्रामीणों में दहशत

मीडिया को मिले तेंदुए के पैरों के निशान,बाउथ मार्ग पर दहशत बरकरार

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के बाउथ गांव से आगरा जनपद की ओर जाने वाले मार्ग पर बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे तेंदुआ दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। गुरुवार सुबह मौके पर पहुंचे पत्रकारों और ग्रामीणों को सड़क किनारे तेंदुए के पैरों के स्पष्ट निशान मिले, जिससे उसके क्षेत्र में होने की आशंका और मजबूत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम बीबामऊ निवासी प्रशांत कार से आगरा जनपद के बाह क्षेत्र से अपने घर लौट रहे थे। बाउथ गांव से आगे साइकिल ट्रैक के पास सड़क के बीचों-बीच अचानक तेंदुआ खड़ा दिखाई दिया। सामने तेंदुआ देखते ही उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए कार को तुरंत पीछे मोड़ लिया और सुरक्षित दूरी पर रुक गए। कुछ देर बाद तेंदुआ सड़क छोड़कर आसपास के खेतों की ओर चला गया।

घर पहुंचने पर प्रशांत ने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी,जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर बलरई थाना पुलिस ने लोगों से रात के समय अनावश्यक आवागमन से बचने और सतर्क रहने की अपील की।

गुरुवार सुबह पत्रकारों और ग्रामीणों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो सड़क किनारे तेंदुए के पैरों के ताजा निशान दिखाई दिए। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, तेंदुए की तलाश कर उसे सुरक्षित पकड़ने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

डीएफओ विकास नायक ने बताया कि वन दरोगा सचिन कुमार को मौके पर भेजकर क्षेत्र का निरीक्षण कराने और आसपास के गांवों में लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संभावित तेंदुआ प्रभावित क्षेत्र में चेतावनी संबंधी पोस्टर,बैनर और बोर्ड लगाने तथा लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button