घर में लाखों की चोरी: पुलिस जांच में जुटी

रामलीला देखने गई थी महिला

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के गांव नगला तौर में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

गांव निवासी हाकिम सिंह बघेल की पत्नी रामा देवी ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ गांव में चल रही रामलीला देखने गई थीं। करीब रात 12 बजे जब वह घर लौटीं तो कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो बक्सा खुला पड़ा था और उसमें रखे कीमती जेवरात गायब थे।

चोरों ने सोने का डेढ़ तोला वजनी मंगलसूत्र, आधा तोला की दो सोने की अंगूठियां,250-250 ग्राम वजनी चांदी की तोड़िया व करधनी चोरी कर लीं। सभी आभूषण एक बैग में रखकर बक्से में बंद थे। रामा देवी ने बताया कि चोर पीछे की दीवार फांदकर घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। चोरी गए सामान की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये आंकी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही बलरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पीड़िता ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। पुलिस टीम ने घर का निरीक्षण किया और आसपास पूछताछ की।

Related Articles

Back to top button