तालाब के अभाव में जल भराव बनी समस्या
महेवा विकास खंड के ग्राम वीरपुर सलेमपुर में बनी समस्या

महेवा,इटावा। भरथना तहसील क्षेत्र के ग्राम वीरपुर सलेमपुर निवासी वैश्चिक मानव अधिकार के प्रदेश उपाध्यक्ष नवेंद्र कुमार उर्फ नन्दू चक,प्रदेश सचिव धर्मेंद्र कुमार व चंद्रशेखर आदि ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी को सौंपे एक शिकायती प्रार्थना पत्र में ग्राम पंचायत वीरपुर सलेमपुर में सरकारी तालाब न होने से गाँव में अत्यधिक जल भराव का निराकरण कराए जाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता समेत ग्रामीणों ने बताया कि उक्त समस्या के चलते उनके गांव की जल भराव की समस्या नरकीय बन चुकी है,जिसका निस्तारण होना अत्यंत जरूरी है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में सरकारी तालाब का अभाव होने के कारण पूरे वीरपुर गांव में बरसाती व गांव के पानी की मुख्य निकासी भी प्रतिदिन की मुसीबत बनी हुई है।
गाँव में एक भी सरकारी तालाब व पोखर नहीं है। जो गांव में मौजूद पट्टा युक्त आवंटित तालाब है भी वह सिकुड़ कर दिनों दिन समाप्त होने की कगार पर है। बरसात के दौरान उक्त तालाब का पानी नालियों के रास्तों से गलियों और फिर घरों में भर जाता है।
जिसके कारण प्रति वर्ष बरसात में घुटनों से लेकर कमर तक पानी भर जाता है। यह स्थिति 3-4 महीने तक बनी रहती है। गांव के नन्हें छात्र छात्राएं स्कूल नहीं जा पाते,बुजुर्ग घरों में कैद हो कर रह जाते हैं।
बरसाती जल भराव के कारण कीट पतंगों और मच्छर पनपने से डेंगू- मलेरिया,वायरस जैसी भयंकर बीमारियाँ फैल जाती हैं। पिछले वर्ष जल भराव के कारण फैले डेंगू रोग की चपेट में आकर गाँव में बुरी तरह जनहानि हुई थी।
ग्रामीणों ने बताया गाँव के पास से बंबा-नहर गुजरती है। यदि कट पंप या हेवी ड्यूटी पंप सेट की स्थायी व्यवस्था कर दी जाए,तो गाँव का पानी पंप चलाकर गांव का गंदा पानी बंबा में लेजाकर निकाला जा सकता है।



