अफसरों–कर्मचारियों को सोलर पैनल लगाने के दिए गए निर्देश

मऊ। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता बैठक की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत देश के एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस योजना के माध्यम से लोगों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिल सकेगी, जिससे उनके बिजली बिल में काफी कमी आएगी और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार सोलर पैनल लगवाने पर सब्सिडी उपलब्ध करा रही है। साथ ही प्रशिक्षण की व्यवस्था और बैंकों के माध्यम से कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी दी जा रही है, ताकि आम लोग आसानी से इस योजना का लाभ उठा सकें।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में कार्यरत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से उनके घरों पर सोलर पैनल लगवाने के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आशीष मिश्रा और आरटीओ विभाग के महमूद अहमद ने बताया कि उन्होंने अपने घरों पर सोलर पैनल लगवा रखा है। अपर जिलाधिकारी ने इसे सराहनीय पहल बताते हुए अन्य कर्मचारियों को भी उनसे प्रेरणा लेने की बात कही।
अपर जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे अगले 15 दिनों के भीतर अपने विभाग द्वारा जारी किए गए लाइसेंस धारकों के घरों पर सोलर पैनल लगवाने की दिशा में कार्रवाई करें। वहीं जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि शराब दुकानों के लाइसेंस धारकों के साथ-साथ विभाग में कार्यरत सभी इंस्पेक्टर भी अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाएं।
अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को मदरसों में कार्यरत सभी अध्यापकों और विभाग से जुड़े कर्मचारियों को सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अपने-अपने आवासों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए कहा गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को जनपद में स्थित वाहन एजेंसियों और उनसे जुड़े कर्मचारियों के घरों पर भी सोलर पैनल लगवाने के लिए पहल करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सोलर ऊर्जा स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा का बेहतर स्रोत है। इसके उपयोग से न केवल बिजली की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कर इस अभियान को सफल बनाएं।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी, जिला खाद्य अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सहित कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



