निरीक्षण: विद्यालय परिसर में भरा मिला पानी
शौचालय के रास्ते पर उगी झाड़ियां

भरथना,इटावा। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में वीडीओ विजय शंकर प्रसाद ने भरथना विकास खण्ड क्षेत्र में मंगलवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय हथनौली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में एक गड्ढे में पानी भरा मिला, जबकि बालिकाओं के शौचालय तक जाने वाले रास्ते पर झाड़ियां और घास उगी हुई पाई गई।
निरीक्षण के समय प्रधानाचार्य विजेंद्र तिवारी सहित विद्यालय की अन्य शिक्षिकाएं उपस्थित मिलीं। विद्यालय परिसर में मिली अव्यवस्थाओं पर वीडीओ ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। बीडीओ ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिव अजय कुमार को निर्देशित किया कि विद्यालय परिसर में पानी भरे गड्ढे में तत्काल मिट्टी का भराव कराया जाए। साथ ही बालिका शौचालय के रास्ते में उगी झाड़ियों और घास की साफ-सफाई कराकर रास्ते को सुगम बनाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
वीडीओ ने निर्देश दिए कि विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और बच्चों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संबंधित कर्मचारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।



