शादीशुदा नर्सिंग छात्र ने मौत को लगाया गले
पत्नी के मायके जाते ही पति ने फांसी लगाकर दी जान

बसरेहर,इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुरा में एक शादीशुदा 31 वर्षीय नर्सिंग छात्र ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया,जबकि पूरा गांव शोक में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर आवश्यक साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम राजपुरा निवासी विवाहित आलोक 31 पुत्र सुरेन्द्र ने गुरुवार को अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय घर में उनकी मां विमला देवी मौजूद थीं। परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने आनन-फानन में आलोक को फांसी के फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने आलोक को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि आलोक की शादी करीब दो वर्ष पूर्व जनपद कानपुर देहात के ग्राम भोगनीपुर निवासी शिवानी के साथ हुई थी। वर्तमान में शिवानी अपने पिता सुभाष चंद्र के साथ मायके गई हुई थीं। इसी दौरान आलोक ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
मृतक आलोक के पिता सुरेन्द्र,जो चौबिया क्षेत्र में एक क्लीनिक संचालित करते हैं,उन्होंने बताया कि आलोक पिछले कुछ समय से उनके साथ क्लीनिक पर भी चिकित्सकीय कार्य करता था। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सौरभ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।



