इलाज के दौरान घायल युवक ने तोड़ा दम
वाहन की टक्कर में घायल हुआ था बाइक सवार युवक

जसवंतनगर,इटावा।राष्ट्रीय राजमार्ग पर विगत 13 जुलाई को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल फिरोजाबाद के युवक की उपचार के दौरान सैफई मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई को ग्राम सराय भूपत रेलवे फाटक के पास बाइक सवार इरफान 24 पुत्र शब्बीर खान, निवासी सिंघमन,पोस्ट बछेला,थाना सिरसागंज, जनपद फिरोजाबाद, को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक ललित कुमार ने घायल को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था।
परिजनों के मुताबिक इरफान का सैफई मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था,जहां गुरुवार सुबह उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज से मिले मेमो के आधार पर उपनिरीक्षक ललित कुमार सैफई पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।



