बेटियों की शादी से पहले पिता की हुई मौत
शादी के निमंत्रण पत्र बाँट कर लौट रहे थे

इटावा। जनपद में दो बेटियों की शादी की तैयारियों में जुटा परिवार उस समय गम में डूब गया, जब शादी के कार्ड बांटकर लौटते समय पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे ने शादी की खुशियों वाले घर को मातम में बदल दिया। हर आंख नम है और पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। भगवान दासपुरा थाना बढ़पुरा के रहने वाले विक्रम सिंह 42 पुत्र राम प्रताप सिंह जाटव बीते सोमवार शाम नई खरीदी गई एच एफ डीलक्स बाइक से रिश्तेदारों को बेटियों की शादी का कार्ड देने निकले थे। जिस समय वह हादसे का शिकार हो गए। विक्रम दिल्ली में सिलाई का काम करते थे और 4 दिनों पहले ही 25 नवंबर को दो बेटियों नेहा और ज्योति की शादी के लिए घर आए थे। 21 नवंबर को लग्न और 25 को बारात आनी थी। परिजनों के अनुसार धनतेरस पर दहेज में दी जाने वाली नई बाइक लेकर वह रिश्तेदारों को कार्ड देने जा रहे थे।
मनकापुरा के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया,जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक के परिवार में पत्नी अनीता देवी, तीन बेटियां और 10 वर्षीय छोटा बेटा आदित्य है। बड़ी बेटी काजल 15 वर्ष अभी पढ़ाई कर रही है।
शादी होने वाली दोनों बेटियों और पत्नी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दाऊ के लड़के राजेश ने बताया,भैया शाम छह बजे कार्ड बांटने निकले थे। बरही, मध्य प्रदेश में रिश्तेदार सुरेश को कार्ड देने जा रहे थे। नई बाइक दहेज के लिए ली थी। लेकिन मनकापुरा के पास किसी तेज वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पुलिस ने दी,तब हम अस्पताल पहुंचे। गांव में शोक की लहर है। जहां घर में शहनाई बजनी थी,वहां चीखें और सन्नाटा पसरा हुआ है।



