इंग्लैंड की इन कमजोरियों पर भारत की नजर, सेमीफाइनल में फायदा उठाएंगे सूर्या

IND vs ENG Semi Finals 2026: क्रिकेट प्रेमियों के लिए 5 मार्च का दिन बेहद खास होने वाला है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को लेकर देशभर के फैंस में जबरदस्त उत्साह है। हर कोई चाहता है कि टीम इंडिया जीतकर फाइनल में जगह बनाए।
टूर्नामेंट के अब तक के सफर में दोनों टीमों ने अलग-अलग परिस्थितियों का सामना किया है। इंग्लैंड किसी तरह सेमीफाइनल तक पहुंची है जबकि भारत ने सुपर-8 में अच्छा प्रदर्शन करके अपनी जगह पक्की की। अब सबकी नजरें इस बड़े मुकाबले पर हैं क्योंकि यहां छोटी सी गलती भी टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर सकती है।
बल्लेबाजी पर टिकी सबसे बड़ी उम्मीद
सेमीफाइनल जैसे अहम मुकाबले में भारत की बल्लेबाजी सबसे बड़ा फैक्टर साबित हो सकती है। खास तौर पर तीन बल्लेबाज ऐसे हैं जिनसे टीम और फैंस दोनों को काफी उम्मीदें हैं।
ईशान किशन से तेज शुरुआत की उम्मीद
टीम इंडिया के लिए ओपनिंग करने वाले ईशान किशन अब तक सात मैचों में 224 रन बना चुके हैं। हालांकि पिछले कुछ मुकाबलों में उनका बल्ला ज्यादा नहीं चला है। ऐसे में सेमीफाइनल में उनसे तेज और मजबूत शुरुआत की उम्मीद की जा रही है। अगर ईशान शुरुआती ओवरों में रन बना लेते हैं तो टीम को बड़ा फायदा मिल सकता है।
सूर्यकुमार यादव की जिम्मेदारी बढ़ी
मिडिल ऑर्डर में सूर्यकुमार यादव की भूमिका भी काफी अहम रहने वाली है। सात मैचों में वह 231 रन बना चुके हैं। यूएसए के खिलाफ उन्होंने शानदार पारी खेली थी लेकिन उसके बाद लगातार बड़ी पारी नहीं आ सकी। सेमीफाइनल में उनसे उम्मीद होगी कि वह दबाव वाले हालात में टीम को संभालें और स्कोर को मजबूत बनाएं।
संजू सैमसन की निरंतरता जरूरी
संजू सैमसन भी इस मुकाबले में अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। तीन मैचों में उन्होंने 143 रन बनाए हैं और पिछले मैच में 97 रन की शानदार पारी खेली थी। अक्सर देखा गया है कि संजू एक मैच में शानदार खेलते हैं और अगले मैच में संघर्ष करते हैं। लेकिन सेमीफाइनल में टीम को उनसे लगातार अच्छे प्रदर्शन की जरूरत है ताकि ओपनिंग और मिडिल ऑर्डर दोनों को मजबूती मिल सके।
सपोर्टिंग खिलाड़ियों से भी अहम योगदान
टीम में शिवम दुबे. हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ी भी मौजूद हैं जो जरूरत पड़ने पर टीम को सपोर्ट दे सकते हैं। अगर अभिषेक शर्मा का बल्ला भी चल गया तो टीम इंडिया के लिए यह अतिरिक्त मजबूती साबित होगी।
गेंदबाजी में स्पिन और पेस का इम्तिहान
केवल बल्लेबाजी ही नहीं बल्कि गेंदबाजी भी इस मैच का रुख तय कर सकती है। भारत के दो गेंदबाज ऐसे हैं जिनसे खास उम्मीदें जुड़ी हैं।
वरुण चक्रवर्ती की मिस्ट्री स्पिन
वरुण चक्रवर्ती ने सात मैचों में 12 विकेट लिए हैं। लेकिन हाल के कुछ मैचों में उनका प्रदर्शन थोड़ा कमजोर रहा है। सेमीफाइनल में उन्हें अपनी मिस्ट्री स्पिन से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान करना होगा। वानखेड़े की पिच पर अगर उनकी गेंदबाजी चल गई तो मैच का रुख बदल सकता है।
जसप्रीत बुमराह की डेथ ओवर स्पेशलिटी
जसप्रीत बुमराह टीम इंडिया के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज माने जाते हैं। छह मैचों में वह नौ विकेट ले चुके हैं। बड़े मैचों में उनका अनुभव टीम के लिए काफी अहम रहता है। डेथ ओवरों में उनकी सटीक गेंदबाजी इंग्लैंड के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है।
बुमराह vs आर्चर: जानें किस गेंदबाज के आंकड़े हैं बेहतर
इंग्लैंड की कमजोरियां भी चर्चा में
इंग्लैंड की टीम इस टूर्नामेंट में कई बार संघर्ष करती नजर आई है। ग्रुप स्टेज में नेपाल के खिलाफ वानखेड़े में खेले गए मुकाबले में भी टीम हार के करीब पहुंच गई थी। स्पिन गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड की बल्लेबाजी कई बार कमजोर दिखी है। यही वजह है कि भारत की स्पिन और पेस अटैक इस मैच में बड़ा असर डाल सकता है।



