कन्या पूजन व बाल भोज के साथ हुआ सामूहिक विशाल भंडारे का आयोजन

महराजगंज, रायबरेली। शारदीय नवरात्रि पर बहादुर नगर में आयोजित 12वें दुर्गा पूजा महोत्सव में बुधवार नवमी को कन्या पूजन, कन्या व बाल भोज सहित विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से भंडारे के आयोजन के साथ ही कन्या का पूजन कर उन्हें विधिवत भोजन कराया।

क्षेत्र के बहादुर नगर में 12 वा दुर्गा पूजा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। समाजसेवी दुर्गेश सिंह व ग्रामीणों के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रम जैसे भजन संध्या, भक्ति जागरण आदि कार्यक्रम आयोजित किए गए।इस दौरान ग्रामीणों ने मां से सुख, समृद्धि और आपसी सौहार्द की कामना की।

नवमी को आयोजित नवरात्रि भोग कार्यक्रम में क्षेत्रीय ग्रामीणों और बच्चों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के आयोजक दुर्गेश सिंह ने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को आध्यात्म की ओर अग्रसर करना है। कन्या व बाल भोज में शामिल सैंकड़ों की संख्या में बच्चों को दक्षिणा के साथ स्कूली बैग का वितरण किया गया।

देर शाम तक चले भंडारे में क्षेत्रीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।इस दौरान कार्यक्रम के आयोजक प्रधान प्रतिनिधि संतोष सिंह,शिवबक्स सिंह, कोटेदार राम अभिलाष सिंह, धीरु सिंह, रितिक सिंह, रोहित सिंह,अजीत सिंह,विनय सिंह,दारा सिंह,अमन सिंह,सज्जू,मोहन,गंगादीन, सीताराम,दीपू,आयुष, रिषभ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

————————-‐———

अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े कार से पैसों का भरा बैग किया पार

महराजगंज, रायबरेली। कस्बे में दिनदहाड़े हुईं चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। घटना में अज्ञात चोर ने सेल्समैन एक कार में रखा पैसों से भरा बैग उड़ा लिया। घटना की जानकारी होते ही व्यापारी के होश उड़ गए। व्यापारी ने पुलिस को घटना की जानकारी दे कार्यवाही की मांग की है वहीं पुलिस घटना की छान बीन कर रही है।

घटना महराजगंज कस्बे बुधवार दोपहर की है। राम नगर रायबरेली के रहने वाले संदीप बाजपेई जो कि रद्दी पेपर व चाय की पॉलीथिन सप्लाई करते है। सुबह रायबरेली से अपनी वैगनआर से निकले संदीप ने कई जगह सप्लाई की और कलेक्ट किया गया पैसा बैग में रखते गए।

महराजगंज पहुंचे संदीप रजिस्ट्रार कार्यालय के बगल स्थित सलमान की दुकान पर सप्लाई देने के लिए रुके जहां पर दुकान पर सलमान को आने में लगभग आधा घंटा लग गया, इस दौरान दुकान के पास ही व्यापारी की कार खड़ी थी। इसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने कार लॉक न होने का फायदा उठाते हुए कार से पैसों का बैग पार कर दिया।सलमान के आने पर जब व्यापारी संदीप ने उन्हें पैसे लौटाने के लिए कार में देखा तो पैसे से भरा बैग गायब था।

सलमान ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बैग में लगभग 40 हजार रुपए थे जो कि चोरी हो गए। मामले में कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है पास में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है जल्द ही घटना करने वाले को गिरफ्तार कर घटना का अनावरण किया जायेगा।

—————————————

एनटीपीसी के विशाल भंडारे में छह हजार लोगों ने चखा प्रसाद

ऊँचाहार, रायबरेली। महानवमी के अवसर पर एनटीपीसी ऊंचाहार में चल रहे दुर्गा पूजा महोत्सव में आयोजित महाभोग में लगभग छह हजार लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। परियोजना प्रमुख अभय कुमार श्रीवास्तव और प्रियदर्शिनी लेडीज़ क्लब की अध्यक्षा अनुपमा श्रीवास्तव ने भव्य रूप से सजी देवी मां का पूजन किया तथा हवन में आहुति देने के बाद कन्याओं को प्रसाद वितरित किया।

एनटीपीसी

इसके बाद महाभोग शुरू हुआ जिसमें परियोजना परिवार के साथ साथ आसपास के गांवों के लगभग छह हजार लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अनुष्ठान को संपन्न करने में पर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष अनुराग गोरहा, मुख्य सचिव चंद्रजीत सिंह की पूरी टीम ने अथक परिश्रम किया।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक आशुतोष बिस्वास, दिलीप कुमार साहू, एस यू हरिदास, सभी विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिव, प्रियदर्शिनी लेडीज़ क्लब की वरिष्ठ पदाधिकारी सहित एनटीपीसी परिवार, विद्यालयों के प्रधानाचार्यगण ने भाग लेकर समारोह की शोभा बढ़ाई।

—————————————

ग्रामीण सत्ता पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष बने धनराज यादव

ऊँचाहार। रायबरेली। ग्रामीण सत्ता पंचायती राज संगठन ने ऊंचाहार देहात के प्रधान धनराज यादव को रायबरेली का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है । उनके मनोनयन पर बड़ी संख्या में ग्राम प्रधानों ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी है।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विवेक चंद अवस्थी ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों की सूची जारी करते हुए कहा कि संगठन पूरे प्रदेश में बड़ी सक्रियता के साथ काम कर रहा है ।

उन्होंने धनराज यादव का मनोनयन करते हुए कहा कि जल्द ही रायबरेली में संगठन बड़ा कार्यक्रम करने जा रहा है। धनराज यादव के मनोनयन पर ऊंचाहार के कई प्रधानों ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी है। जिसमें प्रमुख रूप से नरेंद्र यादव , राजकुमार मौर्य, राजेन्द्र प्रसाद, अमर पाल, नागराज, शिव मौर्य, आनंद पांडेय, गंगा विष्णु यादव , देशराज साईं के अलावा अन्य लोगों वीरेंद्र यादव , सुरेन्द्र यादव आदि शामिल है।

——————————————

सड़क किनारे खंती में मिला अधेड़ का शव

रायबरेली में बुधवार को शिवगढ़ थाना क्षेत्र के तरौंजा गांव के पास बांदा-बहराइच हाईवे किनारे एक खंती में अधेड़ का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त शुरू की।

शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो पाई थी। शिवगढ़ पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ करने के साथ ही सोशल मीडिया का सहारा लिया। सोशल मीडिया के माध्यम से ही मृतक की पहचान हो सकी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अनूप खेड़ा गांव निवासी सरवन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तत्काल मृतक के परिजनों को सूचना दी।

मृतक के पुत्र सुजीत कुमार ने बताया कि उनके पिता मंगलवार शाम को घर से बिना बताए निकल गए थे और उनकी तलाश की जा रही थी। बुधवार सुबह पुलिस के जरिए उन्हें शव मिलने की जानकारी मिली।

थाना प्रभारी निरीक्षक शिवगढ़ विंध्य विनय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button