हरे वृक्षों में फंसे हाईटेशन विद्युत तार: आपूर्ति ठप
शनिवार दोपहर 3 बजे से ठप है आपूर्ति, भीषण गर्मी में पेयजल संकट गहराया,एक दर्जन गांवों में हाहाकार

जसवंतनगर,इटावा। हाइटेंशन 33/11 केवी बलरई फीडर के जाखन फीडर से जुड़े करीब एक दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति शनिवार दोपहर तीन बजे से ठप है। रविवार दोपहर तक भी आपूर्ति बहाल नहीं होने से भीषण गर्मी में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट से पेयजल आपूर्ति और दैनिक कार्य भी प्रभावित हुए हैं, जिससे उपभोक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है।नगला तौर, जाखन, घुराह, सरामई, नगला सलहदी, गढ़ी दलेल, गढ़ी रामधन, कछपुरा, पूछरी, लुंगे की मड़ैया और विकास नगर समेत करीब एक दर्जन गांवों में पिछले 17 घंटे से बिजली आपूर्ति बंद है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर पहले से ही सात से आठ घंटे की रोस्टिंग की जा रही है, जबकि भीषण गर्मी के चलते पनकी कोड से भी रात में करीब सात घंटे की कटौती हो रही है।
ऐसे में लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।वहीँ जब विजली विभाग के स्टाफ से जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि 11केवी विजली सप्लाई करने वाली मशीन (ट्रॉली)के एंगल में कमी आ गई थी वह स्पार्क कर रहा था और बलरई नहर पुल के पास स्थित बीएसटी इंटर कॉलेज के पास रखे हुए ट्रांसफार्मर के पास11केवी की विजली लाइन के नंगे तार पेडों की टहनियों में फंसे हुए हैं जिसके कारण जरा सा हवा का झोंका आने पर सप्लाई बाधित हो जाती है।
ग्रामीणों मुकेश, अशोक,जिंतेंद्र,राजू,बबलू, कल्लू,आशू आदि ने बिजली विभाग के अधिकारियों और लाइनमैनों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मशीनों के रखरखाव,समय पर मेंटीनेंस और विजली लाइनों के आसपास पेड़ों की छंटाई नहीं किए जाने से बार-बार आपूर्ति बाधित हो रही है। उनका कहना है कि अधिकारियों का लाइनमैनों पर अंकुश नहीं होने का खामियाजा ग्रामीण जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली गुल रहने से पेयजल संकट गहरा गया है और घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने शीघ्र आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
इस संबंध में अवर अभियंता रघुनाथ सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया,लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं बलरई फीडर के लिए जारी सरकारी नंबर भी स्विच ऑफ मिला। एसडीओ आनंद पाल सिंह ने बताया कि जेई से बात कर जल्द ही विजली आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।



