तेज रफ्तार बाइक-लोडर में भिड़ंत: बाइक सवार घायल

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ऊसराहार-भरथना मार्ग स्थित बर्फानी धाम मैरिज होम के सामने सोमवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तेज रफ्तार एक बाइक और छोटा हाथी लोडर की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल युवक सौरभ कुमार 22 वर्ष पुत्र राजेश कुमार निवासी भरथना चौराहा इटावा से अपने पैतृक गांव ग्राम भिटारा मौजा अदलीपुर बाइक से जा रहा था। तभी सामने से आ रहे पाइप लदे छोटा हाथी लोडर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सौरभ सड़क से गिरकर गम्भीर रूप घायल हो गया।
घटना के बाद छोटा हाथी लोडर चालक वाहन समेत मौके से भाग जाने में सफल हो गया। राहगीरों ने घायल को इलाज के लिए तत्काल भरथना सीएचसी भर्ती कराया,जहां अधीक्षक डॉ. शेफ द्वारा प्राथमिक उपचार जारी है। युवक दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



