शिविर में 186 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
नगला रामसुंदर-कैस्त में ‘आयुष आपके द्वार’ के तहत लगे आयुर्वेदिक एवं यूनानी शिविर,मरीजों को बांटी गईं निःशुल्क औषधियां

जसवंतनगर,इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला के आदेश पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार के निर्देशन में नगला रामसुंदर और कैस्त गांव में आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर लगाए गए। दोनों शिविरों में कुल 186 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
नगला रामसुंदर में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नंदिनी गुप्ता ने ‘आयुष आपके द्वार’ के तहत शिविर लगाया। यहां 84 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जीर्ण रोग,खुजली,फंगल संक्रमण,श्वास संबंधी रोग,उदर रोग,खांसी- जुकाम,बुखार और संधिशूल से पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंचे। डॉ.नंदिनी गुप्ता ने ग्रामीणों को नियमित दिनचर्या अपनाने, संतुलित आहार लेने, स्वच्छता का ध्यान रखने और बीमारी होने पर समय से उपचार कराने की सलाह दी।
वहीं कैस्त गांव में आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित शिविर में डॉ. शीलेन्द्र सिंह और डॉ. इंदू सिंह ने 102 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। यहां उल्टी-दस्त,बुखार, सर्दी-गला रोग,पेट दर्द, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और त्वचा संबंधी रोगों से पीड़ित बच्चे,महिलाएं, बुजुर्ग और पुरुष पहुंचे। सभी मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियां दी गईं।
ग्राम चौपाल में ग्रामीणों को आयुर्वेदिक दिनचर्या, ऋतुचर्या और आहार-विहार की जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने ‘स्वस्थस्य स्वास्थ्य रक्षणम्’ के सिद्धांत को अपनाने पर जोर दिया। इस दौरान ग्राम प्रधान कमला देवी, पूर्व प्रधान जानकी प्रसाद,नेत्र पाल सिंह, जिलेदार,रोहित समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।



