ज्ञानदीप मिशन से ग्रामीण बच्चों की शिक्षा को मिली नई रौशनी, 33वां साप्ताहिक कार्यक्रम संपन्न

मेधावी बच्चों को डी पी गुप्ता ने किया सम्मानित, शिक्षा के साथ संस्कारों पर जोर

सुलतानपुर। सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय संस्था ‘घर सुलतानपुर’ द्वारा संचालित ज्ञानदीप मिशन के तहत ग्रामीण और वंचित बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देकर उनके भविष्य को संवारने का कार्य लगातार जारी है। इसी कड़ी में निषाद बस्ती, वल्लीपुर में मिशन का 33वां साप्ताहिक शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को अंग्रेजी में सप्ताह के दिनों और महीनों के नाम सिखाए गए। साथ ही उनकी शैक्षणिक प्रगति परखने के लिए गणित विषय की परीक्षा भी ली गई। परीक्षा में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सुषुम ने पहला और रीता ने दूसरा स्थान हासिल किया।

मुख्य अतिथि आरपीएस मानवाधिकार फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी पी गुप्ता एडवोकेट ने तीन मेधावी विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी बच्चों को बिस्कुट-टॉफियां बांटकर उनका उत्साह भी बढ़ाया। समाजसेवी विनायक मिश्रा ने भी शीर्ष तीन प्रतिभाशाली बच्चों को चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया।

शिक्षण कार्य में विनायक मिश्रा, शुभ साहू और शिवा शर्मा ने सक्रिय योगदान दिया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डी पी गुप्ता ने बच्चों से नियमित पढ़ाई, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन में उतारने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों को बेहतर भविष्य की ओर ले जाने का सबसे मजबूत माध्यम है।

ज्ञानदीप मिशन का लक्ष्य ग्रामीण व वंचित वर्ग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, खेलकूद, कंप्यूटर ज्ञान और नैतिक शिक्षा से जोड़कर उनका सर्वांगीण विकास करना है। संस्था का यह प्रयास गांवों में शिक्षा की लौ जलाने और बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button