एनएसएस विशेष शिविर का भव्य समापन

सेवा-समर्पण और संकल्प के साथ शिविर हुआ शुरू

जसवंतनगर,इटावा। चौ० सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी, जसवंतनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह ग्राम कोकावली स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।समारोह की अध्यक्षता संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर/सचिव अनुज यादव ने की।

उन्होंने स्वयंसेवकों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि सात दिवसीय शिविर ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ किया है।मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान नीलम ने अपने संबोधन में कहा कि शिविर से ग्राम में सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत हुई है तथा भविष्य में भी महाविद्यालय का सहयोग अपेक्षित रहेगा। विशिष्ट अतिथि डायरेक्टर डॉ. संदीप पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक सकारात्मक सोच है। ऐसे शिविर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता,टीम वर्क और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास करते हैं।

प्रबंधन समिति के सदस्य अशांक यादव ‘हनी’ ने युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। प्राचार्य डॉ. जितेंद्र यादव ने अपने प्रेरणादायक वक्तव्य में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना की मूल भावना “स्वयं से पहले आप” है। जब युवा अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज के लिए कार्य करते हैं, तभी वास्तविक शिक्षा का उद्देश्य पूर्ण होता है।

कार्यक्रम अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने अपने विस्तृत प्रतिवेदन में शिविर की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सात दिनों तक स्वच्छता अभियान,महिला सशक्तिकरण, मतदाता जागरूकता,पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण, योगाभ्यास,शैक्षिक मार्गदर्शन तथा ग्राम सर्वेक्षण जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्वयंसेवकों ने ग्रामवासियों के साथ समन्वय स्थापित कर जनजागरूकता फैलाने का कार्य किया,जिससे ग्राम में सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण विकास राजपूत,आशुतोष उपाध्याय, हिमांशी यादव एवं प्रभा शर्मा सहित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं समस्त स्टाफ की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button