बेटियों की शिक्षा-सुरक्षा को किया जागरूक
बाल विकास परियोजना के विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जसवंतनगर,इटावा।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बाल विकास परियोजना कार्यालय के सभागार में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को विभिन्न कानूनी अधिकारों,सरकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई।
अधिकार मित्र राजेंद्र सिंह ने पीसीपीएनडीटी अधिनियम की जानकारी देते हुए कन्या भ्रूण की जांच और लिंग चयन से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए कानून में कड़े प्रावधान हैं। अधिकार मित्र लालमन ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बेटियों की शिक्षा,सुरक्षा और समान अवसरों के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता के हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित योजनाओं और कानूनी सहायता के बारे में बताया। साथ ही तहसील दिवस में उपस्थित रहकर जरूरतमंद लोगों को विधिक सहायता प्रदान किए जाने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रभारी सीडीपीओ शकुंतला देवी के अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका ममता कुमारी,अनीता देवी,मनोरमा,रेखा देवी, रेनू,विंध्यवासिनी, अनुराधा,मीना शर्मा,नीतू कुमारी,आरती आदि मौजूद रहीं। महिलाओं से बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने और उन्हें शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने की अपील की गई।



