घरौनी विवाद: ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई गुहार
झूठे मुकदमे में फ़साने का षड्यंत्र रचना किया शुरू

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सैफी में कथित रूप से गलत तरीके से घरौनी बनाए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। गांव के दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने मंगलवार को संयुक्त रूप से भरथना उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई कराए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गलत घरौनी के आधार पर गांव के कुछ लोग भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर झगड़े और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर फसाने के प्रयास कर रहे हैं।
गांव निवासी हरकेश, गेंदालाल,संजीव,मान सिंह,राजेश,पंकज,सुरेंद्र, सुभाष,सुरेश समेत दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने संयुक्त प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव की एक भूमि की घरौनी क्षेत्रीय प्रधान के इशारे पर लेखपाल द्वारा तैयार की गई थी। आरोप है कि उक्त भूमि पर पहले से अन्य ग्रामीणों के अधिकार व कब्जे में होने के बावजूद घरौनी में गांव के ही कुछ अन्य लोगों के नाम पक्का मकान दर्शाते हुए दर्ज कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि घरौनी में हुई कथित गड़बड़ी के कारण गांव में विवाद की स्थिति बनी हुई है। आरोप है कि गलत घरौनी के आधार पर कुछ लोग जमीन पर जबरन काबिज होने का प्रयास कर रहे हैं। जब उक्त भूमि पर पहले से काबिज पक्ष के ग्रामीणों ने विरोध करने का प्रयास किया तो विवाद और झगड़े की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
वहीं,गांव निवासी अजीत सिंह पुत्र मनोहर सिंह ने भी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को लिखित शिकायत देकर गांव के एक परिवार के करीब सात लोगों पर झूठे मामलों में फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। अजीत सिंह के अनुसार,7 सितंबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे नामजद लोग घरों से बाहर निकलकर उनके परिवार के साथ गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि नामजदों के परिवार की महिलाओं ने कथित रूप से स्वयं अपने कपड़े फाड़कर वीडियो बनाया और बाद में साजिश के तहत उन्हें और उनके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने के उद्देश्य से थाना भरथना में प्रार्थना पत्र दिए जा रहे हैं। पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि इस पूरे विवाद से उनका परिवार परेशान और भयभीत है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर,पीड़ित परिवार को कथित झूठे मामलों से बचाने और घरौनी की जांच की मांग को लेकर दो दर्जन से अधिक ग्रामीण भरथना उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने,गलत घरौनी में सुधार करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कई लोगों की घरौनी गलत तरीके से तैयार की गई है, जिसके चलते आपसी विवाद लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल मामला प्रशासन और पुलिस के संज्ञान में है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



