नेहरू वर्ल्ड स्कूल में मंचित हुआ जर्मन नाटक ‘ब्रिज ऑफ लाइट’, भारत-जर्मनी की संस्कृतियों का हुआ संगम

गाज़ियाबाद। नेहरू वर्ल्ड स्कूल में शनिवार, 8 नवम्बर 2025 को जर्मन नाटक ‘ब्रिज ऑफ लाइट’ का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष कार्यक्रम में कक्षा आठ के लगभग 150 छात्रों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डिप्युटो हैड ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन एन्या सीरिएक्स अपने पति के साथ उपस्थित रहीं। जर्मनी में जन्मीं मिस सीरिएक्स कई देशों की विदेश नीति की विशेषज्ञ हैं। विद्यालय की एग्जीक्यूटिव हैड सुसन होम्स ने स्वागत भाषण में छात्रों के धैर्य और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विदेशी भाषा के प्रति छात्रों के लगाव और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं तथा उनकी बहुमुखी प्रतिभा को निखारते हैं।

समारोह की शुरुआत विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट से हुई, जिसमें छात्रों ने सत्र 2025-26 की उपलब्धियाँ प्रस्तुत कीं। ‘ब्रिज ऑफ लाइट’ नाटक के माध्यम से भारत और जर्मनी की संस्कृतियों का सुंदर संगम प्रस्तुत किया गया। नाटक का संदेश था कि विश्व की विविध संस्कृतियाँ मानवता को जोड़ने वाला पुल हैं, जो एकता और सद्भाव का प्रतीक हैं।

छात्रों के नृत्य और संगीत ने उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया। विद्यालय के डायरेक्टर डा० अरुणाभ सिंह ने छात्रों के अभिनय और रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की प्रगति में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

समारोह का समापन जूनियर स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम गैरोला के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि हर भाषा विद्यार्थियों में रचनात्मकता और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करती है, और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।

Related Articles

Back to top button